पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं की पसंद पर तय होंगे प्रत्याशी : सुरेश कश्यप

पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं की पसंद पर तय होंगे प्रत्याशी : सुरेश कश्यप

पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं की पसंद पर तय होंगे प्रत्याशी : सुरेश कश्यप
पार्टी मंडल पदाधिकारियों से पूछ रही कौन प्रत्याशी है पसंद

शिमला : हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने टिकट आबंटन की रणनीति में बदलाव किया है। हिमाचल भाजपा प्रदेशभर के मंडल कार्यकर्ताओं से विधायक के तौर पर प्रत्याशी की पसंद पूछ रही है। बैलेट बॉक्स में प्रत्याशी पर्ची पर अपने पसंदीदा नेता का नाम लिखकर बॉक्स में डालेंगे। मंडल पदाधिकारियों को पसंद के मुताबिक तीन नाम लिखकर बैलेट बॉक्स में डालने के लिए कहा गया है। इसके बाद यह बैलेट बॉक्स आलाकमान के पास जाएंगे, जहां प्रत्याशी के नाम पर फाइनल मोहर लगेगी। राजधानी शिमला स्थित प्रदेश कार्यालय में भाजपा के चार संगठनात्मक जिलों के मंडल पदाधिकारी वोटिंग प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं। इनमें जिला महासू, शिमला, सोलन और सिरमौर शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश भाजपा कार्यालय में चार जिलों की 18 सीटों पर प्रत्याशी के चयन के लिए वोटिंग हो रही है।
हिमाचल भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बताया कि विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की पसंद जानने के लिए यह गुप्त वोटिंग प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों की पसंद के आधार पर आलाकमान प्रत्याशियों के नाम तय करेगा। कश्यप ने बताया कि इस वोटिंग को पूरी तरह गुप्त रखा गया है। पार्टी पदाधिकारी और चुने हुए प्रतिनिधि विधायक की पसंद के तौर पर नाम लिखकर बैलेट बॉक्स में डालेंगे।