पर क्या आप जानते हैं कि फलों और सब्जियों का कुछ स्थितियों में सेवन शरीर के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है, विशेषकर अगर आप अलग-अलग प्रकृति के फलों का सेवन साथ में करते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, फलों और सब्जियों से अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिए इनके सेवन के सही तरीके के बारे में जान लेना सभी लोगों के लिए बहुत आवश्यक हो जाता है। कुछ फलों को एक साथ नहीं खाना चाहिए, इससे कई तरह की समस्याओं का जोखिम हो सकता है। बेहतर स्वास्थ्य के लिए सभी लोगों को यह जानना बहुत जरूरी है कि किन फलों का संयोजन शरीर के लिए हानिकारक हो सकता है? आइए इस बारे में आगे विस्तार से समझते हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आमतौर पर बोलचाल की भाषा में फलों-सब्जियों के सेवन की बात की जाती रही है, हालांकि इनका साथ में सेवन करना नुकसानदायक हो सकता है। फलों में मौजूद शुगर की मात्रा सब्जियों की पाचन प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न कर सकती है। इससे न तो सब्जियों का ठीक तरीके से पाचन हो पाता है न ही शरीर को आवश्यक पोषक तत्व प्राप्त हो पाते हैं। हमेशा फलों और सब्जियों के सेवन के बीच में कुछ समय का अंतर जरूर रखें।

आहार विशेषज्ञ बताते हैं, तरबूज-खरबूजे के साथ किसी और फल के सेवन से बचना चाहिए। इन फलों में पानी की अधिकता होती है, इसलिए इनके साथ किसी दूसरे फल का सेवन करने से उनका पाचन प्रभावित हो सकता है। तरबूज-खरबूज अन्य फलों की तुलना में अधिक तेजी से पचते हैं। फलों से अधिकतम लाभ तभी प्राप्त किया जा सकता है जब उनका पाचन सही तरीके से हो।

केला जैसे फल प्रकृति में स्टार्चयुक्त होते हैं, इनका सेवन अमरूद, सूखे खुबानी, कीवीफ्रूट, एवोकैडो और ब्लैकबेरी जैसे प्रोटीन युक्त फलों के साथ नहीं किया जाना चाहिए। शरीर को प्रोटीन को पचाने के लिए एक अम्लीय आधार और स्टार्च और स्टार्च के लिए क्षारीय तत्वों की आवश्यकता होती है, इनका संयोजन पेट से संबंधित कई तरह की समस्याओं का कारण बन सकता है। हमेशा फलों के संयोजन को ध्यान में रखा जाना चाहिए।