साफ करता है कार्पेट, फर्राटे से बोलता है 24 भाषाएं… US में चल रही है इस शख्स के दिमाग पर रिसर्च

कुदरत ने हम सभी को कुछ खास दिया है। सवाल यह है कि उस खासियत को हम तलाश और तराश लें। ऐसे ही एक शख्‍स हैं वॉन स्मिथ। पेशे से वह कार्पेट क्‍लीनर हैं। लेकिन, उनके दिमाग पर रिसर्च हो रही है। वॉन फर्राटे से 24 भाषाएं बोलते हैं। उन्‍हें और भी कई भाषाओं की बुनियादी समझ है।

carpet cleaner Vaughn Smith

वॉश‍िंगटन में रहने वाले वॉन बहुत छोटी उम्र से दो भाषाओं को अच्‍छे से जानने और समझने लगे थे। पिता से इंग्लिश और मेक्सिन मां से वह स्‍पैनिश सीखे। उम्र बढ़ने के साथ अलग-अलग भाषाएं सीखने के लिए उनकी दिलचस्‍पी भी बढ़ी। 46 साल की उम्र में उन्‍होंने 24 भाषाएं जान लीं। हालांकि, उनका अनुमान है कि वह 40 से ज्‍यादा अलग-अलग भाषाएं जानते हैं। वॉशिंगटन पोस्‍ट ने हाल में पुष्टि की थी कि उन्‍हें 24 भाषाओं का ठीक-ठीक ज्ञान है। वह इन भाषाओं में फर्राटेदार तरीके से बातचीत कर सकते हैं।
भाषाओं को बहुत जल्‍दी सीख लेते हैं वॉन
वॉन स्मिथ में किसी भी भाषा को जल्‍दी से सीख लेने की कुदरती क्षमता है। वह अमेरिकी साइन लैंग्विज भी जानते हैं। इसे उन्‍होंने कुछ स्‍टूडेंट्स से सीखा था। ये स्‍टूडेंट बधिर बच्‍चों के स्‍कूलों में जाते थे। इन स्‍टूडेंट्स से वॉन की मुलाकात एक क्‍लब में हुई थी। इसी तरह उन्‍होंने एक रेस्‍तरां के स्‍टाफ से जापानी सीखी। और भी अन्‍य भाषाएं वह इसी तरह से सीखते गए। अपनी इस खूबी की वजह से वह अलग-अलग तरह के लोगों से मिल पाते हैं। उनसे संपर्क बना लेते हैं। लोगों को उनके साथ अपनी भाषा में बात करना अच्‍छा लगता है।
MIT में हुई है वॉन स्‍म‍िथ के ब्रेन पर र‍िसर्च
हाल में वॉन स्मिथ बॉस्‍टन गए थे। यहां उनके दिमाग की स्‍कैनिंग की गई। मैसाचुसेट्स इंस्‍टीट्यूट ऑफ टेक्‍नोलॉजी (MIT) के वैज्ञानिकों की वॉन के दिमाग को समझने में काफी दिलचस्‍पी थी। इन वैज्ञानिकों को पता चला है वॉन स्मिथ के दिमाग का जो हिस्‍सा भाषा के लिए इस्‍तेमाल होता है वह छोटा है। साथ ही यह औसत से ज्‍यादा शांत है। उन्‍होंने निष्‍कर्ष निकाला है कि इसके कारण वॉन को उन क्षेत्रों में लैंग्विज को प्रोसेस करने के लिए दूसरों के मुकाबले कम ऑक्सिजन की जरूरत पड़ती है।
वॉन इस बात से बेहद खुश हैं कि उन पर रिसर्च हो रही है। उन्‍हें लगता है कि भाषाएं जानने की खूबी ने उन्‍हें अलग किया है। वह फालतू के कोई शख्‍स नहीं हैं। स्मिथ की जिन 22 भाषाओं पर मजबूत पकड़ है, उनमें इंग्लिश, स्‍पैनिश, हैंगेरियन, फिनिश, एस्‍टोनियन, वेल्‍श, जैपनीज, हिब्रू शामिल हैं।