CM सोरेन के भाई अंडरवेयर खरीदने झारखंड से आते हैं दिल्ली! हैरान न हों, उन्हीं से सुनिए

रांची : ‘मैं अंडरगारमेंट खरीदने रांची से दिल्ली चला गया था क्योंकि मेरे अंडरगारमेंट कम पड़ गए थे।’ पत्रकारों के सवाल के जवाब में रांची में बसंत सोरेन ने ये बातें कही। तो क्या झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन का कच्छा सिर्फ दिल्ली में ही मिलता है? उनका अजीबोगरीब बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, रांची में जब सियासी उथल-पुथल मची हुई थी तो बसंत सोरेन दिल्ली निकल गए थे। जेएमएम के विधायक बसंत जब रांची में मीडियावालों को मिले तो उनसे दिल्ली जाने का परपस पूछा गया। इसके जवाब में मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा कि वो अपने अंडरगारमेंट्स खरीदने दिल्ली गए थे।बसंत सोरेन- हां गए थे एक्चुअली मेरे अंडरगारमेंट कम हो गए थे। अंडरगार्मेंट खरीदने मैं दिल्ली चला गया था। (मुस्कुराते हुए)

सवाल- तो दिल्ली से लाते हैं?
बसंत सोरेन- हां…हम दिल्ली से लाते हैं अंडरगारमेंट।

सियासी उथल-पुथल के बीच दिल्ली गए थे बसंत
दरअसल, पत्रकार ने पिछले दिनों झारखंड की राजनीतिक हलचल के बीच उनकी दिल्ली यात्रा के उद्देश्य के बारे में सवाल पूछा था। जिसका जवाब देने से पहले वो अपना सिर खुजा रहे हैं और फिर मुस्कुराते हुए कह रहे हैं कि ‘मेरे अंडरगार्मेंट कम हो गए थे। अंडरगार्मेंट खरीदने मैं दिल्ली चला गया था।’ झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई और झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के छोटे बेटे हैं बसंत सोरेन। उनके विधानसभा क्षेत्र दुमका में पिछले दिनों दो अलग-अलग वारदातों में दो किशोरियों की हत्या पर पूरे प्रदेश में सियासी बवाल मचा हुआ है। इन्ही घटनाओं के बाद बुधवार को बसंत सोरेन पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे थे। उन्होंने दोनों किशोरियों के परिवारवालों से मुलाकात भी की।