सांसद प्रतिभा सिंह बयान पर टिप्पणी, जोगिंद्रनगर की जनता को “बिकाऊ” बोलना दुर्भाग्यपूर्ण

सांसद प्रतिभा सिंह द्वारा जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र की जनता को “बिकाऊ” कहना दुर्भाग्यपूर्ण है। आजकल बिकाऊ और कलंक जैसे शब्दों का कोई दुश्मन के लिए भी इस्तेमाल नहीं करता। सांसद के बयान पर प्रतिक्रिया में विधायक प्रकाश राणा ने कहा कि सांसद को 34 हजार वोट मिले हैं। क्या इतनी अधिक संख्या में लोग बिक सकते हैं। जनता को जो उचित लगा, उसे वोट दिया। यह जनमत होता है, और हमें इसका सम्मान करना चाहिए।

प्रतिभा सिंह को यह नहीं भूलना चाहिए कि जोगिंदर नगर की जनता के वोट उन्हें एक बार नहीं कई बार मिले हैं। प्रदेश में अगर कुछ मतों के अंतर से भाजपा की सरकार नहीं बनी तो इस जनमत को भाजपा ने स्वीकार किया, लेकिन ऐसे शब्दों का कभी इस्तेमाल नहीं किया। एक चुने हुए जनप्रतिनिधि को भी इस तरह के शब्द शोभा नहीं देते हैं।

प्रकाश राणा ने कांग्रेसियों को नसीहत दी है कि वे जनता या दूसरों पर इस तरह की बातें करने से बचें और जो गारंटियां उन्होंने जनता को दी हैं उन्हें पूरा करने की दिशा में कार्य करें। प्रदेश की महिलाएं 1500 रुपए महीने का इंतजार कर रही हैं। कांग्रेस ने बड़े जोर-शोर से इस बात का प्रचार किया था कि सरकार बनते ही 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग वाली महिलाओं को हर महीने 1500 दिए जाएंगे, लेकिन अब तक नहीं दिए गए। कांग्रेस जल्द से जल्द अपनी गारंटियों को पूरा करे।