कांग्रेस भाई-बहन की पार्टी जितने दिन चले अच्छी बात

कुल्लू जनसभा में बोले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष, बोले, जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल में फिर खिलेगा कमल

कांग्रेस एक भाई-बहन की पार्टी है तथा प्रजातंत्र में जितने दिन चलेगी अच्छी बात है। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कुल्लू में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इससे पहले उन्होंने खुली जीप में रोड शो भी किया। नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रत्याशियों की जमानतें जब्त हुई हैं।

देश भर से कांग्रेस की छुट्टी हो चुकी है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले समय में हिमाचल में एक बार फिर से कमल खिलने वाला है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में हिमाचल की जनता एक बार फिर भाजपा को सत्ता सौंपने को आतुर है। जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा काम के आधार पर जनता के बीच जाएगी। भाजपा ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं उसके दम पर भाजपा के प्रत्याशी वोट मांगेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस में तो यह हिम्मत ही नहीं है कि वह विकास के नाम पर वोट मांगे। उन्होंने कहा कि देश में पहले एक भी दवाई नहीं बनती थी। जितनी भी वैक्सीन आती थीं विदेशों से आती थीं तथा उनको आने में काफी समय भी बीत जाता था। लेकिन कोरोनाकाल में जहां भारत ने कोरोना की वैक्सीन बनाई वहीं देशभर के लोगों को वैक्सीन भी मुफ्त में उपलब्ध करवाई। इसका सारा श्रेय देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ही जाता है।

उन्होंने कहा कि रूस और यूके्रन का युद्ध शुरू हुआ तो वहां पर भी तिरंगे का मान बढ़ाया तथा 23 हजार भारतीयों को 104 फ्लाइटों से भारत पहुंचाया। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का कुल्लू पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते हैं और उन्होंने हिमाचल को विशेष पैकेज भी दिए हैं। बड़ी-बड़ी विद्युत परियोजनाओं के साथ-साथ रोहतांग टनल देश को समर्पित हुई है।

पंजाब मेें फेल हुई ‘आप’ सरकार

जेपी नड्डा ने कहा कि आप आदमी पार्टी की सरकार पंजाब में पूरी तरह से फेल हो गई है तथा गोवा और उत्तर प्रदेश में तो आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों की जमानतें जब्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की तरह अब हिमाचल में भी भाजपा की सरकार रिपीट होगी व एक नया इतिहास रचेगी।