कांग्रेस ने संजौली में बनाई नगर निगम चुनाव की रणनीति

आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस द्वारा लगातार वार्ड स्तर पर बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को उपनगर संजौली के वार्ड नंबर-3 नॉर्थ ओक संजौली चौक, इंजनघर व ढींगू धार वार्ड के कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं द्वारा एक बैठक का आयोजन किया गया। संजौली में आयोजित इस बैठक में आगामी शिमला नगर निगम के साथ ही विधानसभा चुनाव को लेकर भी रणनीति बनाई गई। बैठक की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हरीश जनारथा ने की। उन्होंने कहा कि संजौली के तीनों वार्डों के कार्यकर्ता मतदाता सूची जांच अभियान को गति दें।

भाजपा सरकार के शासनकाल में आम जनता का जीना दूभर
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के शासनकाल में आम जनता का जीना दूभर हो गया है। जनता भाजपा सरकार की कुनीतियों से परेशान हो चुकी है। इसके कारण विधानसभा उपचुनाव में भी भाजपा को 4-0 से करारी हार मिली और अब आने वाले चुनावों में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा। इस बैठक में पूर्व महापौर नगर निगम मनोज कुमार व जैनी प्रेम, व्यापार मंडल संजौली के प्रधान अश्विनी सूद, पूर्व प्रधान गोपाल शर्मा, बलजीत ठाकुर, अनीता ठाकुर, कुसुम वर्मा, गौरव शर्मा एवं रविंद्र मंगा सहित पार्टी कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने भाग लिया।  

वार्डों में जाकर कमेटी कर रही जनसंवाद
कांग्रेस ने शिमला शहर में आने वाले 23 वार्ड को लेकर एक  12 सदस्यीय जनसंपर्क कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी बारी-बारी वार्डों में जाकर कार्यकत्र्ताओं और जनता से संवाद कर रही है। गठित कमेटी में आदर्श सूद, हरीश जनारथा, जितेंद्र चौधरी, अरुण शर्मा, प्रदीप सिंह, आनंद कौशल, नरेंद्र कटारिया, मनोज कुमार, जैनी प्रेम, सोहन लाल, दुर्गा सिंह वर्मा व शशि शेखर चीनू को शामिल किया है। इसके साथ ही कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन को शिमला एम.सी. चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया है जबकि पार्टी प्रवक्ता देवेंद्र बुशहरी को संयोजक बनाया गया है।