कांग्रेस ने जारी किया हिमाचल के लिए मेनिफेस्टो, पंजाब पैटर्न पर दिए जाएंगे पेंशन भत्ते

शिमला, 05 नवंबर : कांग्रेस पार्टी ने हिमाचल प्रदेश के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है, जिसका नाम “कांग्रेस प्रतिज्ञा पत्र 2022” रखा गया है। 10 गारंटी कांग्रेस पार्टी ने घोषणा पत्र जारी करने से पहले ही दे दी थी, जिन्हें मेनिफेस्टो में शामिल किया गया है। कांग्रेस पार्टी ने OPS, 1 लाख लोगों को पहली ही कैबिनेट में नौकरी देने का ऐलान किया है।

इसके अलावा 300 यूनिट मुफ्त बिजली, नई पर्यटन नीति, कृषि बागवानी आयोग, नई वन एवं पर्यावरण नीति और स्पेशल फूड पार्क सहित कई बड़े ऐलान किए हैं।कांग्रेस के घोषणा पत्र को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और मेनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष धनीराम शांडिल ने जारी किया। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस जो वादे करती हैं उन्हें पूरा भी करती है।

हिमाचल प्रदेश के लोगों को महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से राहत देने के लिए पार्टी ने प्रतिज्ञा पत्र जारी किया है, जिसे सरकार बनते ही लागू भी किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी भाजपा की तरह जुमलेबाजी नहीं करती है। पर्यटन, कृषि, बागवानी, वन एवं पर्यावरण क्षेत्र में सुधार कर प्रदेश को आर्थिक रूप से सुदृढ़ किया जाएगा।

वहीं पुरानी पेंशन बहाली को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि कांग्रेस शासित राज्य ने इसे लागू कर दिया है। भाजपा इसको लेकर गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

छत्तीसगढ़ सरकार के कर्मचारियों का 17000 करोड़ रुपए केंद्र के पास है, जिसे देने से केंद्र सरकार ने मना कर दिया है, लेकिन कारण नहीं बताए हैं कि क्यों इस पैसे को वापस नहीं लौटाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार इसको लेकर केंद्र सरकार से पत्राचार करेगा और कानूनी सलाह भी ली जा रही है। यह पैसा छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों का अधिकार है, जिसे केन्द्र सरकार से वापिस लिया जाएगा।