रैली से लौट रहे कांग्रेस प्रवक्ता चेतराम नेगी की कार हादसे में मौत

कुल्लू, 27 अक्तूबर : मनाली कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। मनाली के वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता चेतराम नेगी की कार हादसे में मौत हो गई। वहीं पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

     जानकारी के मुताबिक चेतराम नेगी मनाली से कांग्रेस रैली से भाग लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान 15 मील पहुंचते ही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    एसपी गुरदेव शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मनाली से कांग्रेस प्रत्याशी भुवनेश्वर गौड ने पार्टी प्रवक्ता के हादसे में निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि चेतराम नेगी पार्टी के प्रचार प्रसार को मीडिया में शेयर करते थे। पार्टी को उनकी कमी बहुत खलेगी।