Delhi Weather: 19 प्रतिशत कम बारिश के साथ दिल्‍ली से मॉनसून की विदाई, अक्‍टूबर में मौसम कैसा रहेगा?

Delhi Weather News: दिल्ली ने इस मॉनसून के मौसम में 516.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की, जो पिछले साल हुई बारिश (1,169.4 मिमी) से आधे से भी कम है। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली में इस मॉनसून सीजन में राजधानी में कुल 19 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई।

Delhi Rain 1
दिल्‍ली से मॉनसून की विदाई
नई दिल्ली: राजधानी से मॉनसून ने 29 सितंबर को विदाई ले ली है। सितंबर में हुई 164.5 एमएम बारिश की वजह से मॉनसून में बारिश की कमी कुछ कम हुई। मॉनसून के दौरान राजधानी में 19 प्रतिशत कम बारिश हुई है। सितंबर में हुई तीन दिनों की बारिश से पहले यह कमी 48 प्रतिशत की थी। राजधानी में बीते कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ था। इसके बाद गुरुवार को आईएमडी ने घोषणा की कि दक्षिणी पश्चिमी मॉनसून पंजाब, चंड़ीगढ़, जम्मू कश्मीर के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों से विदा हो गया है। वैसे 1 जून से 30 सितंबर तक मॉनसून सीजन रहता है। सामान्य तौर पर मॉनसून 27 सितंबर को जाता है। इस बार यह चार दिन की देरी से गया है। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 33.9 डिग्री रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 51 से 93 प्रतिशत तक रहा।

दिल्ली से विदा हुआ मानसून : आईएमडी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को कहा कि दक्षिण पश्चिम मॉनसून की दिल्ली से विदाई हो गई है। इस साल मॉनसून के दौरान काफी असमान बारिश हुई है। आमतौर पर 17 सितंबर से मॉनसून वापस जाना शुरू कर देता है और इसके एक सप्ताह के अंदर दिल्ली से विदा हो जाता है। मौसम विभाग ने कहा, दक्षिण पश्चिम मॉनसून पंजाब, जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और समूची दिल्ली से वापस हो गया है।

दिल्‍ली में मौसम कैसा रहेगा?
शुक्रवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहेगा। अक्टूबर की शुरुआत भी 35 डिग्री तापमान के साथ होगी। 3 अक्टूबर से तापमान में कुछ कमी आ सकती है। इसके बाद 4 और 5 अक्टूबर को राजधानी में बारिश के आसार हैं।