Delhi Weather: बारिश समय से पहले ले आई दिल्ली में गुलाबी ठंड, मौसम विभाग ने बताया कैसे रहेंगे अगले 5 दिन

दिल्ली मौसम अपडेट: राजधानी दिल्ली में अभी से गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। अक्टूबर महीने में हुई बारिश के चलते लोगों के घरों में अब पंखे कूलर बंद होने लगे हैं। इनकी जगह पर रजाई या चद्दर निकाले जा रहे हैं। इस बीच गुरुवार को इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह रिकॉर्ड की गई। वहीं अगले 5 से 6 दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।

Delhi weather
दिल्ली की सुबह फाइल फोटो

नई दिल्ली: राजधानी में इस बार मॉनसून ने अंतिम दिनों में जो बारिश दी अब उसकी वजह से गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। गुरुवार को इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। न्यूनतम तापमान गिरकर 19 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच से छह दिनों में न्यूनतम तापमान में और अधिक गिरावट आ सकती है। वहीं दिन के समय भी मौसम खुशनुमा बना हुआ है।
कैसा रहा अब तक अक्टूबर का मौसम
अक्टूबर की शुरुआत गर्म हुई थी। अधिकतम तामपान 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास दर्ज हुए थे। इसके बाद 7 अक्टूबर से शुरू हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदलना शुरू हुआ। अब बारिश थमे दो दिन हो गए हैं, न्यूनतम तापमान में सुधार नहीं हो रहा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 31 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 18.5 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 54 से 96 प्रतिशत तक रहा।

अगले 5 दिनों का हाल जान लीजिए
दिल्ली के रिज में न्यूनतम तापमान महज 17 डिग्री, मंगेशपुर में 18.6 डिग्री, लोदी रोड में 18.2 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रह सकता है। 19 अक्टूबर तक न्यूनतम तामपान 18 से 19 डिग्री पर बने रहेंगे। वहीं अधिकतम तापमान भी इस दौरान 31 से 32 डिग्री के आसपास बने रहेंगे। हवाएं अगले छह से सात दिनों तक उत्तरी या उत्तर पश्चिमी बनी रहेंगी।

स्काईमेट के महेश पलावत के अनुसार, आमतौर पर राजधानी में सर्दियों का आगाज 15 नवंबर से होता है। तापमान 15 नवंबर के बाद गिरना शुरू होते हैं। लेकिन अब सितंबर और अक्टूबर में हो रही तेज बारिश की वजह से अक्टूबर में ही तापमान गिरने शुरू हो रहे हैं। अक्टूबर के अंतिम हफ्ते तक तापमान और अधिक गिरेंगे और लोगों को हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होगी।