जलवायु परिवर्तन से विकासशील देश व हिमालयी क्षेत्र प्रभावित : चंचलानी

जलवायु परिवर्तन से विकासशील देश व हिमालयी क्षेत्र प्रभावित

जलवायु परिवर्तन से विकासशील देश व हिमालयी क्षेत्र प्रभावित 
कुल्लू में जलवायु जागरूकता के लिए आयोजित की गई साइकिल रैली
कुल्लू : लोगों को जलवायु न्याय, स्वच्छ ऊर्जा और जलवायु वित्त पर जागरूक करने के लिए कुल्लू के साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें 50 से अधिक  साइकिल चालकों व स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इस रैली का आयोजन पेडल फॉर पीपल एंड प्लैनेट के बैनर तले एशिया पैसिफिक मूवमेंट ऑन डेट एंड डेवलपमेंट द्वारा समर्थित पीपल फॉर हिमालयन डेवलपमेंट द्वारा किया गया। पीपल फॉर हिमालयन डेवलपमेंट की अदिति चंचलानी ने कहा कि हम जलवायु परिवर्तन के कारण होने वाली चरम मौसमी आपदाओं के विनाशकारी प्रभावों से पीडि़त हैं। बार-बार और तेज होते मौसम व जलवायु की घटनाएं और प्राकृतिक खतरे कई विकासशील देशों व हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर रहे हैं, जो हमारे घरों, भूमि, आजीविका, अर्थव्यवस्था और पारिस्थितिकी तंत्र को नष्ट कर रहे हैं।
ग्लोबल वार्मिंग का कारण बनता है जीवाश्म ईंधन का जलाना
चंबा जिले के पांगी उपमंडल में चंद्रभागा नदी पर प्रस्तावित मेगा जलविद्युत परियोजना के खिलाफ लड़ने वाले सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. प्रेमदीप लाल ने ऊर्जा और बिजली बनाने के लिए जीवाश्म ईंधन कोयला, गैस और तेल के निरंतर जलने पर बात की और कहा कि इससे जलवायु परिवर्तन होता है। ग्रीन हाउस गैसों को वातावरण में छोड़ा जाता है। जब जीवाश्म ईंधन जला दिया जाता है तोर वह गर्मी में फंस जाता है और ग्लोबल वार्मिंग का कारण बनता है।
लोगों का जीवन तबाह कर रहा जलवायु परिवर्तन
पीपल फॉर हिमालयन डेवलपमेंट के मैनेजिंग ट्रस्टी संदीप मिन्हास ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का प्रभाव पहले से ही देश में लोगों के जीवन को तबाह कर रहा है और आने वाले दशकों में और भी बदतर हो जाएगा। यह सरकारों, निगमों और समुदायों के लिए जीवाश्म ईंधन के उपयोग को समाप्त करने, वास्तविक समाधानों को लागू करने और ग्लोबल वार्मिंग को रोकने के लिए अन्य उपायों जैसी दीर्घकालिक कार्रवाई करने का समय है। जलवायु वित्त विकासशील देशों के लिए बड़े उत्सर्जक का दायित्व और ऋण दोनों है।