Dhanteras Shubh Muhurat 2022: धनतेरस-दिवाली से पहले सस्ता हुआ सोना, फटाफट जानिए क्या चल रहा है रेट

Gold price today: धनतेरस (Dhanteras) में एक दिन बाकी है। लेकिन उससे पहले सोने और चांदी की कीमत (Gold-silver price) में आज गिरावट देखी जा रही है। सोने की कीमत प्रति 10 ग्राम 50 हजार रुपये से कम रह गई है। जानिए सोने और चांदी का अब क्या भाव चल रहा है…

Gold rate today

नई दिल्ली: धनतेरस (Dhanteras) पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है। हालांकि इस साल धनतेरस की तारीख को लेकर कन्फ्यूजन बना हुआ है। इसकी वजह यह है कि इस बार कार्तिक के कृष्ण पक्ष में त्रयोदशी की तिथि दो दिन है। यह तिथि 22 अक्टूबर को शाम 06:02 बजे से 23 अक्टूबर की शाम 06:03 बजे तक रहेगी। जानकारों का कहना है कि धनतेरस 22 अक्टूबर को मनाया जाना शुभ है। यानी धनतेरस की खरीदारी में केवल एक दिन बचा है। अच्छी बात यह है कि धनतेरस से पहले सोने की कीमत में गिरावट आई है और यह 50,000 रुपये प्रति दस ग्राम से कम रह गई है।

एमसीएक्स (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना सुबह 9.45 बजे 0.42 फीसदी गिरावट के साथ 49,933 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। चांदी की कीमत में भी गिरावट देखी जा रही है। चांदी 0.93 फीसदी गिरावट के साथ 56,125 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी। ताजा आंकड़ों के मुताबिक 22 कैरेट वाले एक ग्राम सोने की कीमत आज 4,635 रुपये पर आ गई जो कल 4,655 रुपये थी। इसी तरह 24 कैरेट वाले एक ग्राम सोने की कीमत 5,056 रुपये रह गई जो कल 5,078 रुपये थी।

सर्राफा कीमतों में गिरावट
वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना 66 रुपये के नुकसान के साथ 50,516 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 50,582 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। हालांकि, चांदी की कीमत 101 रुपये की तेजी के साथ 56,451 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 56,350 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुआ था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना गिरावट के साथ 1,630.8 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था जबकि चांदी भी तेजी के साथ 18.46 डॉलर प्रति औंस हो गया।

धनतेरस का महत्व
हिंदू धर्म में धनतेरस पवित्र माना जाता है। इस दिन लोग धन के देवता कुबेर और भगवान विष्णु के अवतार धन्वंतरी की पूजा करते हैं। धनतेरस पर लोग सोना, चांदी, स्टील और पीतल के बर्तनों समेत अन्य चीजों की खरीदारी करने की परंपरा है। इसके पीछे मान्यता है कि धनतेरस के दिन शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने से घर में सुख और समृद्धि आती है। यह पर्व हिन्दू पंचांग के अनुसार कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। यही वजह है कि इसे धन त्रयोदशी के नाम भी जाना जाता है।