
सरकार द्वारा देश की जनता को पहचान पत्र समेत कई अन्य दस्तावेज जारी किए जाते हैं। वहीं, अगर ये दस्तावेज लोगों के पास न हो तो कई तरह से दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सभी लोग इन्हें समय रहते बनवा लेते हैं। जैसे- आधार कार्ड और पैन कार्ड। ये दो ऐसे दस्तावेज हैं जिनका पास में होना बेहद जरूरी है। सरकारी से लेकर गैर-सरकारी कामों के लिए इन दोनों दस्तावेजों की बेहद जरूरत होती है। वहीं, सरकार द्वारा आधार कार्ड को बैंक खाते से लेकर अन्य चीजों से लिंक कराने के लिए कहा गया है। जैसे- पैन कार्ड से भी। ऐसे में लोग अपने पैन कार्ड को आधार कार्ड से लिंक करवा रहे हैं, लेकिन इस दौरान कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। वरना जालसाज आपको चपत तक लगवा सकते हैं यानी आपके साथ धोखाधड़ी कर सकते हैं। तो चलिए आपको इस बारे में बताते हैं। आप अगली स्लाइड्स में इसके बारे में जान सकते हैं…

फ्रॉड का शिकार हो सकते हैं
- आपको ध्यान देना है कि आप फ्रॉड का शिकार हो सकते हैं। जालसाज आपको कॉल के जरिए संपर्क करते हैं, और पैन व आधार कार्ड को लिंक कराने के लिए कहते हैं। लेकिन ये लोग फर्जी होते हैं, आपको ऐसे लोगों को अपनी कोई जानकारी नहीं देनी है।

किसी अनजाने लिंक पर क्लिक न करें
- जालसाज आपको ठगने के लिए कई अनजाने लिंक भेज सकते हैं। इन लिंक्स में वायरस होता है जो आपके मोबाइल या कंप्यूटर को हैक करके आपकी सारी जानकारी चुरा लेता है। इसलिए ऐसे लिंक्स से सावधान रहें।
- पैन कार्ड को आधार कार्ड से लिंक कराते समय आपको ध्यान रखना है कि इसके आधिकारिक लिंक www.incometax.gov.in पर ही जाकर आपको इसे लिंक करवाना है।
अनजानी मेल से सावधान
- पैन कार्ड को आधार से लिंक कराने के लिए जालसाज लोगों के मेल आईडी पर फर्जी मेल भेजते हैं, जो देखने में एकदम असली जैसी लगती है। लेकिन इस मेल के जरिए जालसाज आपके बैंक अकाउंट को खाली कर सकते हैं। इसलिए ऐसी मेल को बिल्कुल न खोलें।
मैसेज से बचें
आज के समय में जालसाज लोगों को सोशल मीडिया के जरिए भी चपत लगाने का काम करते हैं। दरअसल, ये व्हाट्सएप पर लोगों को मैसेज भेजते हैं जिसमें वो पैन कार्ड को आधार से लिंक कराने के लिए कहते हैं। लेकिन ये फर्जी लिंक होते हैं। ऐसे लिंक के जरिए कभी पैन कार्ड को आधार से लिंक न करें।