आतंकियों से कनेक्शन पर पांच कर्मचारी सस्पेंड, बर्खास्त कर्मचारियों में से दो पुलिस कांस्टेबल

जम्मू-कश्मीर सरकार ने आतंकियों के कथित संपर्क रखने के मामले में दो कांस्टेबलों सहित पांच कर्मचारियों को बर्खास्त किया है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक प्रशासन ने बुधवार को पांच सरकारी कर्मचारियों को कथित तौर पर आतंकवादियों के साथ संपर्क रखने और भिन्न आतंकवादी संगठनों के लिए साजो-सामान उपलब्ध करवाने और गुप्त गतिविधियों को चलाने में उनकी मदद करने के लिए बर्खास्त किया है। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 311 (2) (सी) के तहत मामलों की जांच और सिफारिश करने के लिए नामित समिति ने सरकारी सेवा से पांच कर्मचारियों को बर्खास्त करने की सिफारिश की है। बर्खास्त कर्मचारियों में से दो पुलिस कांस्टेबल हैं।

 

इनमें से एक आतंकवादी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन के लिए सक्रिय रूप से काम करता था और यह अपने दो सहकर्मियों को मारने का प्रयास भी कर चुका है। वहीं दूसरा कांस्टेबल बारामूला से है, इसके भी आतंकवादियों से संबंध रहे हैं। इनकी सेवा पहले भी समाप्त कर दी गई थी, लेकिन साल 2011 में इन्हें फिर से एसपीओ के रूप में काम पर रखा गया और बाद में 2013 में कांस्टेबल के रूप में पदोन्नत किया गया। सूत्रों के मुताबिक, बर्खास्त किए गए सिपाही को हथियारों और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया, जिससे संबंधित सात और लोगों को गिरफ्तार किया गया है।