श्री रेणुका जी के पूर्व प्रत्याशी बलबीर चौहान को भाजपा ने 6 साल के लिए पार्टी से किया निष्कासित

शिमला, 05 नवंबर : भारतीय जनता पार्टी ने एक और नेता को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने का हवाला देकर 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने प्रदेश के कार्यकारिणी सदस्य व रेणुका से तीन बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले बलवीर चौहान को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

ऐसा माना जा रहा है कि बलबीर चौहान पर सोशल मीडिया में वायरल हुए ऑडियो की गाज गिरी है। ऑडियो में बलबीर चौहान कांग्रेस के पक्ष वोट डालने की बात कह रहे हैं। महिला के साथ हुई बातचीत के बाद क्षेत्र की राजनीति में हलचल पैदा हो गई थी। वही पार्टी ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया।

            हालांकि इस बारे में बलबीर चौहान अपनी सफाई दे चुके थे। उन्होंने कहा था कि यह ऑडियो पुराना है। जब उन्हें टिकट नहीं मिला था तो वह गुस्से में आ गए थे। जिसका कारण उन्होंने ऐसा कहा था। अब वह पार्टी के साथ है और पार्टी के लिए काम कर रहे हैं।