माजरा में दंगा भड़काने की कोशिश करने वाले चार को चार दिन का पुलिस रिमांड…

पांवटा साहिब, 22 मई : चंद रोज पहले माजरा थाना के अंतर्गत दंगा भड़काने की कोशिश करने वाले चार आरोपियों को आज अदालत में पेश किया गया। अदालत ने चारों आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।

मंगलवार की रात मामूली सी चूक दो समुदायों के पक्ष में टकराव पैदा कर सकती थी। पुलिस रिमांड पर भेजे गए आरोपियों में उस्मान मोहम्मद, आसिफ अली, शेर खान व शहजाद अहमद शामिल हैं। चारों ही पांवटा साहिब उपमंडल के रहने वाले हैं।

दरअसल, ज्ञानवापी मस्जिद मामले में एक सोशल मीडिया की पोस्ट पर बवाल हो गया था। इसके बाद पुलिस ने सैलून चलाने वाले शख्स को गिरफ्तार किया। नौबत यहां तक आई थी कि पांवटा साहिब भाजपा को अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष को पार्टी से बर्खास्त करना पड़ा था।

पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए थे। धार्मिक भावनाओं को भड़काने का मामला अलग था, जबकि मंगलवार रात दंगे भड़काने को लेकर अलग एफआईआर की गई थी। पहले मामले में गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। अब पुलिस मंगलवार रात के प्रकरण को लेकर गहनता से जांच में जुटी हुई है।

बड़ी बात ये जांची जा रही है कि आखिर ऐसी क्या नौबत थी कि एक विशेष समुदाय के लोगों को घरों से डंडे व तलवार इत्यादि लेकर निकलना पड़ा था। विरोध तो शातिपूर्ण तरीके से भी किया जा सकता था।

उधर बताया जा रहा है कि दूसरे समुदाय के अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामल दर्ज हुआ है। पांवटा साहिब के डीएसपी वीर बहादुर ने पुष्टि करते हुए कहा कि चार आरोपियों को अदालत से चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।