भोजपुरी एक्टर्स गणेश चतुर्थी का त्योहार धूमधाम से मना रहे हैं। इनकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

गणेश चतुर्थी का जश्न जोर- शोर से मनाया जा रहा है। लोग गणपति बप्पा की मूर्ति अपने घरों में स्थापित कर रहे हैं। कई जगह भव्य पंडाल भी लगाए गए हैं। महाराष्ट्र में गणेश चतुर्थी की सबसे अधिक धूम रहती है। बप्पा के स्वागत में कोई कमी ना रह जाए इस बात का पूरा ध्यान रखा जाता है। फिल्मी हस्तियां भी इस जश्न में बढ़- चढ़कर हिस्सा लेती हैं। बॉलीवुड हो या भोजपुरी इंडस्ट्री, हर कोई शीश झुकाए बप्पा का आशीर्वाद लेने के लिए कतार में नजर आ रहा है। हर साल की तरह इस साल भी कई भोजपुरी सितारों ने अपने घरों में गणपति बप्पा की मूर्ति स्थापित की, जबकि कुछ गणेश पंडाल और मंदिरों में दर्शन करने पहुंचे। इसके अलावा कई सेलिब्रिटीज ने सोशल मीडिया पर अपने फैंस को गणेश चतुर्थी की बधाई दी। आइए बताते हैं भोजपुरी के किस सेलिब्रिटी ने गणेश उत्सव का जश्न किस अंदाज में मनाया।
1. अक्षरा सिंह
‘बॉस लेडी’ अक्षरा सिंह ने 30 अगस्त को अपना 29वां जन्मदिन मनाया, लेकिन पार्टी यहीं खत्म नहीं हुई। अक्षरा की आनेवाली फिल्म ‘डार्लिंग’ के हीरो राहुल शर्मा और टीम ने मिलकर गणेश चतुर्थी के दिन अक्षरा का बिलेटेड बर्थडे सेलिब्रेट किया। हर साल की तरह इस साल भी एक्ट्रेस ने अपने घर गणपति की मूर्ति की स्थापना की है। उनके घर दर्शन के लिए म्यूजिक डायरेक्टर और सिंगर सलीम मर्चेंट के साथ ही ऋचा शर्मा भी पहुंचे। सलीम और ऋचा संग प्यारी तस्वीरों को अक्षरा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी शेयर किया है।

2. निधि झा
भोजपुरी एक्ट्रेस निधी झा ने 30 अप्रैल 2022 को यश कुमार संग सात फेरे लिए। शादी के बाद निधि की यह पहली गणपति पूजा है। इसके लिए निधि ने खास तैयारियां भी की। एक्ट्रेस ने अपने घर गणपति की प्रतिमा की स्थापना की। गणेश उत्सव का गुरुवार को तीसरा दिन है। निधि ने तीनों ही दिनों के फोटोज इंस्टाग्राम पर शेयर किए हैं। निधि के फैंस को अब यश कुमार संग उनकी तस्वीरों का इंतजार है।
3. काजल राघवानी
एक्ट्रेस काजल राघवानी मूल रूप से मराठी हैं। हमेशा की तरह इस साल भी काजल को गणेश उत्सव का बेसब्री से इंतजार था। गणेश चतुर्थी के दिन एक्ट्रेस पूरे बैंड बाजे संग बप्पा को अपने घर ले आईं। काजल ने अपने इंस्टाग्राम पर क्यूट सेल्फी पोस्ट करते हुए लिखा, ‘वक्रतुण्ड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभ निर्विघ्नं कुरु मे देव सर्वकार्येषु सर्वदा। मंगलकारी नाम आपका, आप ही मंगलकर्ता हो, विघ्नविनाशक देव आप हो, आप ही कर्ता-धर्ता हो। लव यू बप्पा।’

4. विक्रांत सिंह
मोनालिसा इन दिनों शूटिंग में व्यस्त हैं। यही कारण है कि मोनालिसा और विक्रांत सिंह के घर इस साल बप्पा का आगमन नहीं हो पाया, लेकिन विक्रांत ने गणपति की पूजा में कोई कसर नहीं छोड़ी। विक्रांत अपने दोस्तों के घर जाकर गणेश पूजा में शामिल हुए। मनीष पॉल, संभावना सेठ, पूजा बनर्जी और अर्जुन बिजलानी तक, एक्टर ने सभी के साथ गणपति के आगमन का जश्न धूमधाम से मनाया। इंस्टाग्राम पर विक्रांत ने सभी दोस्तों से साथ फोटोज भी शेयर की।

5. पवन सिंह
पावर स्टार पवन सिंह के घर भी गणपति बप्पा आए। पवन सिंह ने सोशल मीडिया हैंडल पर अपनी मां की एक प्यारी- सी तस्वीर पोस्ट की। इस फोटो में एक्टर की मां गणेश भगवान की मूर्ति हाथ में लिए मुस्कुराती नजर आ रही हैं।

6. प्रदीप पांडेय चिंटू
काजल राघवानी के कथित बॉयफ्रेंड प्रदीप पांडेय चिंटू ने एक्ट्रेस की तरह ही सोशल मीडिया हैंडल पर बप्पा संग सेल्फी शेयर की है। मजे की बात ये है कि चिंटू के इस फोटो पर एक्टर संजय पांडे का झट से कमेंट आया, ‘बप्पा का विसर्जन कर जल्दी आओ, मैं 2 दिन से होटल में बैठा हूं।’ जिस पर चिंटू ने भी रिप्लाई किया कि बस अभी आया।
7. संचिता बनर्जी
निरहुआ और खेसारी संग बड़े पर्दे पर धमाल मचा चुकी भोजपुरी एक्ट्रेस संचिता बनर्जी ने भी इस साल गणपति की मूर्ति की स्थापना की। संचिता ने दो दिन पहले ही अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर भगवान की मूर्ति लाने का एक प्यारा वीडियो शेयर किया था। इसमें ढोल नगाड़ों के बीच संचिता ‘गणपति बप्पा मोरिया’ का जयकारा लगाती नजर आ रही थीं।
8. संभावना सेठ
भोजपुरी एक्ट्रेस संभावना सेठ के घर बैंड- बाजे संग गणपति का आगमन हुआ। लाल साड़ी पहनी संभावना खूबसूरत तो लग ही रही थीं, उनके घर में गणपति मंदिर के डेकोरेशन ने सारी लाइमलाइट बटोर ली। गणपति के स्वागत में संभावना ने कोई कसर नहीं छोड़ी। अपने फैंस को भी व्लॉग और स्टोरी के जरिए संभावना बप्पा के आगमन से लेकर तैयारियों तक सारे अपडेट देती रहीं। अब जब घर में भगवान आ गए हैं तो हर दिन संभावना, पति अविनाश संग प्यारी- प्यारी तस्वीर शेयर कर रही हैं।

9. आम्रपाली दुबे
आम्रपाली दुबे इन दिनों अपनी आने वाली भोजपुरी फिल्म ‘डोली सजा के रखना’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। बिजी शेड्यूल में बप्पा के दर्शन करने का मौका मिस ना हो जाए, इसलिए एक्ट्रेस इंडस्ट्री के अपने दोस्त रौशन और शर्मिला सिंह के घर पहुंची। आम्रपाली ने इंस्टाग्राम हैंडल पर तस्वीरें साझा कर दर्शन के लिए दोस्तों का शुक्रिया अदा भी किया।
