Gautam Adani: दुनिया के अमीरों की लिस्ट में गौतम अडानी लगातार नीचे लुढ़कते जा रहे हैं। गौतम अडानी के साथ मुकेश अंबानी भी अमीरों की लिस्ट में नीचे खिसक रहे हैं। बुधवार को शेयर बाजार में गिरावट के चलते दोनों की नेटवर्थ को नुकसान हुआ है। मुकेश अंबानी भी अब लिस्ट में फिसलकर 12वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

गौतम अडानी लगातार गंवा रहे दौलत
गौतम अडानी लगातार दौलत गंवा रहे हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, गौतम अडानी की नेटवर्थ अब 42.7 अरब डॉलर रह गई है। इसी के साथ वो ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में 29वें नंबर पर पहुंच गए हैं। गौतम अडानी मुकेश अंबानी की तुलना में 14 गुना दौलत गंवा चुके हैं। दोनों अरबपति इस साल अबतक दौलत गंवाने के मामले में पहले और दूसरे नंबर पर चल रहे हैं। अडानी ग्रुप के शेयरों में बुधवार को भारी गिरावट देखने को मिली थी। इसी वजह से गौतम अडानी की नेटवर्थ में 3.39 अरब डॉलर की कमी आई है। बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में भी गिरावट रही थी। सेंसेक्स 927 अंक टूटा था। निफ्टी ने भी गोता लगाया था। पहले से ही गिरावट में चल रहे अडानी ग्रुप के शेयरों में इससे और नुकसान हुआ। अडानी ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट आ गई। सभी 10 स्टॉक नुकसान के साथ लाल निशान पर बंद हुए।
मुकेश अंबानी पहुंचे 12वें नंबर पर
बाजार में गिरावट मुकेश अंबानी पर भी भारी पड़ी है। इससे रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों को भी काफी नुकसान हुआ है। आरआईएल के शेयर 2.35 फीसदी टूटकर 2377 रुपये पर बंद हुए हैं। इससे मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में भी गिरावट आ गई है। इस दौरान मुकेश अंबानी ने 1.96 अरब डॉलर की नेटवर्थ गंवा दी है। अंबानी अब ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में लुढ़कर अब 12वें नंबर पर पहुंच गए हैं। इससे पहले वो 11वें नंबर पर थे। मुकेश अंबानी अब तक 5.65 अरब डॉलर की नेटवर्थ गंवा चुके हैं। अब मुकेश अंबानी के पास 81.5 अरब डॉलर की दौलत है। इस हिसाब से देखें तो गौतम अडानी के मुकाबले मुकेश अंबानी के पास दोगुनी दौलत है।