मेरी शादी करा दो! कुएं में यार… बाहर प्यार, निकलते ही मुन्ना की निकल पड़ी लॉटरी

Chhapra Unique Marriage: बिहार के छपरा में अपनी प्रेमिका को पाने के लिए एक युवक कुएं में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसे कुएं से बाहर निकाला और उसकी शादी करवा दी। शादी के बाद दोनों प्रेमी जोड़े खुश नजर आए। मामला गड़खा थाना क्षेत्र के मोतीराजपुर गांव का है।

छपरा: बिहार के छपरा से शादी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां पर देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी ने कुएं में छलांग लगा दी। बाद में ग्रामीणों ने काफी मशक्कत से उसे बाहर निकाला। कुएं से बाहर निकले प्रेमी को क्या पता था कि लॉटरी निकल पड़ी है। दरअसल, शनिवार देर रात एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान उसके घर वाले जग गए। प्रेमिका के परिजनों को देख युवक कुएं में छलांग लगा दी। कुएं में कूदने की आवाज सुन पहले तो प्रेमिका के घर वाले कुएं के पास पहुंचे। धीर-धीरे गांव वाले भी मौके पर पहुंच गए। पूरा मामला गड़खा थाना को मोतीराजपुर का है।

ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उन्हें कुछ भी समझ नहीं आया कि मामला क्या है। कुएं के पास प्रेमिका के पारिवार वालों के साथ-साथ ग्रामीणों की भीड़ लग गई। कुछ लोग ये जानना चाहते थे कि युवक है कौन और कुएं में कैसे गिरा। हालांकि इस पर कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं था। ग्रामीण रस्सी के सहारे युवक को किसी तरह कुएं से बाहर निकाला। युवक के बाहर निकलते ही राज से पर्दा उठ गया।

देर रात प्रेमिका से आया था मिलने

ग्रामीणों के अनुसार, वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए देर रात आया था। इसी दौरान प्रेमिका के परिजनों के साथ-साथ आपपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान युवक ने लड़की से शादी करने की बात कही। इतना सुनते ही लोग और भड़क गए और मारपीट करने लगे। फिर क्या, उन लोगों से बचने के लिए उसने कुएं में छलांग लगा दी। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे कुएं से बाहर निकाला और उसकी प्रेमिका से शादी करा दी। हालांकि शादी में लड़के के परिजन शामिल नहीं हुए।

तेलपा का रहने वाला है युवक

प्रेमी युवक का नाम मुन्ना राज है। वह नगर थाना क्षेत्र के बिचला तेलपा का रहने वाला है। वहीं लड़की का नाम सोनी कुमारी है, जो मोतीराजपुर की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच 4 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़के के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हो रहे थे, लिहाजा लड़का खुद ही मिलने के लिए लड़की के घर पहुंच गया। हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद ग्रामीणों के सहयोग से स्थानीय मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई।