घुमारवीं : तेंदुए की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत, CCTV में कैद हुआ वीडियो

उपमंडल की पडयालग पंचायत के ग्रामीण क्षेत्रों में शिकार करने आए तेंदुए का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ हैं।

शाम ढलते ही गांव के नजदीक तेंदुए की चहलकदमी बढ़ जाती है। लोगों को तेंदुए के गुर्राने की आवाजें साफ सुनाई देती हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार तेंदुआ रात को उनके घरों के आंगन में पहुंचकर मवेशियों व पालतू कुत्तों पर हमला करने की कोशिश करता है। बुधवार सुबह करीब 4 बजे तेंदुआ पन्याली गांव में रिहायशी मकान के आंगन में पहुंच गया। तेंदुआ पिंजरे में बंधे कुत्ते को अपना शिकार बनाने की कोशिश कर रहा था।

मकान के आंगन में पहुंचा तेंदुआ

इस दौरान तेंदुआ रिहायशी मकान के आंगन में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। सुरेश पन्याली ने बताया कि तेंदुए की चहलकदमी रिहायशी मकानों के नजदीक बढ़ गई है।

कुछ वर्ष पहले तेंदुए ने मार डाला था एक ग्रामीण

तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में खौफ का माहौल है। कुछ वर्ष पहले इसी पडयालग पंचायत के तहत एक व्यक्ति को तेंदुए ने मार डाला था। बाद में प्रशासन ने शूटरों की टीम बुलाकर उस तेंदुए को गोली से मारा था। इसका नाम दुनिया में सबसे बड़े तेंदुआ होने के नाते विश्व रिकॉर्ड में दर्ज है।

अभी कुछ महीने पहले भी इसी क्षेत्र में बड़ा तेंदुआ मृत अवस्था में पाया गया था। क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांव के लोग जंगली रास्तों से होकर मुख्य सड़क तक पहुंचते हैं। ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी से लोग अब अकेले घर से निकलने में डर रहे हैं। लोगों ने विभाग से मांग की है कि इस समस्या का समाधान जल्द निकाला जाए।