Giant Squid: दक्षिण अफ्रीका में मिला विशालकाय स्क्विड, बड़ी-बड़ी आंखों वाले अजीबोगरीब जीव को देख कर हर कोई हैरान

Giant Squid: दक्षिण अफ्रीका में समुद्र के किनारे एक अजीबोगरीब जीव देखने को मिला है। ये जीव एक स्क्विड है जो ऑक्टोपस की ही तरह दिखता है। दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में ये जीव मृत मिला है। इस जीव की विशालकाय आंख है। ट्विटर पर इससे जुड़ा एक फोटो शेयर किया गया है।

squid (1)

नदी किनारे मृत मिला स्क्विड। (Twitter/timdee4)

केपटाउन: दक्षिण अफ्रीका में समुद्र तट पर एक अजीबोगरीब समुद्री जीव मृत मिला है। ये एक दैत्याकार स्क्विड है। ट्विटर यूजर टिम डी ने इस दुर्लभ प्रकार के समुद्री जीव को केपटाउन स्थित एक बीच पर पाया है। मंगलवार को स्कारबोरो बीच पर ये अजीब दिखने वाला समुद्री जीव मिला है। टिम डी नाम के ट्विटर हैंडल पर इसकी फोटो और वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें रंगीन स्क्विड की बड़ी-बड़ी आंखें दिख रही हैं। ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘स्कारबोरो बीच पर ये अजीब तरह का दिखे वाला समुद्री जीव आज सुबह मिला है।’

ट्विटर पर शेयर किए गए वीडियो में दिख रहा है कि एक समुद्री जीव विज्ञानी ने सक्विड की विशाल शिकारी चोंच को पकड़ा है। ये जीव अपनी बड़ी-बड़ी आंखों के लिए जाना जाता है। आमतौर पर ये 3.5 इंच की पुतली के साथ 11 इंच व्यास तक होता है। इसकी बड़ी आंखों की खासियत है कि इनमें ज्यादा रोशनी आ सकती है। इसकी बड़ी आंखें बायोल्यूमिनसेंट प्रकाश का भी पता लगा सकती है, जिसे गहरे समुद्र में खोजना मुश्किल है।

पहले भी मिला है स्क्विड
इससे पहले भी पास के इलाके में एक स्क्विड कुछ दिनों पहले मिला था। ये विशालकाय स्क्विड अब तक के ज्ञात सबसे बड़े अकशेरुकी जीवों में से एक है। एक अनुमान के मुताबिक स्क्विड का आकार मादा में 39 से 43 फीट और पुरुषों में 33 फीट होता है। ये आकार उनके लंबे नोक वाले सिर से लेकर उनके पंखों तक होता है। दावा ये भी किया जाता रहा है कि ये 66 फीट के हो सकते हैं, लेकिन अभी तक इसका कोई साक्ष्य नहीं है।

क्या होते हैं स्क्विड
स्क्विड को आर्किटुथिस डक्स के रूप में जाना जाता है, जो किसी ऑक्टोपस की तरह दिखता है। इसका एक धड़ और आठ भुजाएं होती हैं। इसके आकार का एक बड़ा हिस्सा भुजाओं के जरिए आता है। इनकी भुजाओं पर दांत वाले चूसने वाले छल्ले लगे होते हैं, जिनके जरिए ये शिकार को पकड़ कर अपनी ओर खींचते हैं। ये जीव समुद्र में 980 से 3,280 फीट गहराई में पाए जाते हैं। अपने दो गलफड़ों के जरिए ये सांस ले सकते हैं।