
ग्वालियर की लालटिपारा स्थित मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी आदर्श गौशाला में बुधवार को 100 टन गोबर से 20 फीट ऊंचा गोवर्धन पर्वत बनाकर गोवर्धन उत्सव धूमधाम से मनाया गया। नगर निगम कमिश्नर किशोर कान्याल ने पूजा कर गोवर्धन भगवान से गायों को लंपी वायरस से सुरक्षित करने की प्रार्थना की।

मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी लालटिपारा आदर्श गौशाला में बुधवार को धूमधाम से गोवर्धन पूजा की गई। सबसे खास बात यह रही कि इस आदर्श गौशाला में मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा गोवर्धन पर्वत बनाया गया। इस गोवर्धन पर्वत को बनाने के लिए 100 टन गोबर का उपयोग किया गया और लगभग 20 फीट ऊंचा बनाया गया।

गोवर्धन की पूजा करने के लिए साधु-संत, गौ सेवक और आम लोग पहुंचे। बड़ी धूमधाम से गोवर्धन उत्सव मनाया गया। साथ ही लोगों ने गायों को लंपी वायरस से बचाने के लिए और सुख शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की।

बता दें, ग्वालियर में लालटिपारा आदर्श गौशाला मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी गौशाला है, जिसमें दस हजार से अधिक गोवंश रहते हैं। इसी को लेकर आदर्श गौशाला में 100 टन गोबर से 20 फीट ऊंचा गोवर्धन पर्वत बनाया गया और इसे मथुरा के गोवर्धन पर्वत की तरह दर्शाया गया।

इसके बाद विधि-विधान से गोवर्धन पर्वत की पूजा कर गोवर्धन महाराज की परिक्रमा लगाई। इस दौरान बड़ी संख्या में साधु-संत और लोग इस पूजा में शामिल हुए। इसके साथ ही नगर निगम कमिश्नर किशोर कन्याल भी गोवर्धन पूजा में शामिल हुए।

गौरतलब है, ग्वालियर में स्थित यह आदर्श गौशाला मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी गौशाला है। इस आदर्श गौशाला को देखकर हर कोई आश्चर्यचकित रहता है, क्योंकि यहां पर इन गायों की देखरेख काफी अलग तरीके से की जाती है।
