बागवानों को लूटा जा रहा सरकार मना रही आजादी का अमृत महोत्सव : कांग्रेस

कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव व पूर्व जिला अध्यक्ष यशवंत छाजटा ने कहा कि सेब खरीद के नाम पर बागवानों को लूटा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अदानी कंपनी हर सप्ताह सेब के दामों में कटौती कर रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने कंपनी के आगे घुटने टेक दिए हैं। तभी वह कंपनी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही है।उन्हेांने कहा कि सरकार आजादी का अमृत महोत्सव मना रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने दिखावे के लिए कमेटी बनाई है। कमेटी की बैठकें हो रही है लेकिन कंपनी उनकी सुन ही नहीं रही। छाजटा ने कहा कि इन दिनों सेब सीजन पीक पर है। बागवानों को सेब के दाम ही नहीं मिल रहे हैं। मंडियों में भी बूरा हाल है। खाद, कार्टन व दवाइयों के बढ़े दामों ने बागवानों की पहले ही कमर तोड़कर रखी हुई है। उन्होंने कहा कि मंडियों में सेब का 8 साल पुराना रेट मिल रहा है। हालत ये है कि बागवानों को लागत भी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से पूछा कि क्या वह इस बात से अवगत है कि बागवानों को मंडियों में सेब के दाम नहीं मिल रहे हैं। यदि है तो वह बताए कि कितनी बार उन्होंने कंपनी के प्रतिनिधियों से बात कर सेब के दाम बढ़ाने का मुद्दा उठाया।

छाजटा ने शहरी विकास मंत्री व शिमला शहर से विधायक भारद्वाज पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बागवानों के हितों से लगातार खिलवाड़ कर रही है। शहरी विकास मंत्री जो खुद बागवान भी है उन्होंने एक बार भी इस मसले को सुलझाने का प्रयास नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वह हमेशा पिछली पंक्ति में खड़े रहकर केवल सरकार का गुणगान करने में लगे रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की बागवान विरोधी नीतियों ने बागवानों को खून के आंसू रूलाकर रखा हुआ है। उन्होंने कहा कि बागवान अब चुनावों में इसका हिसाब चुकता करेंगे।