BJP प्रत्याशी डॉ बिंदल के लिए वोट मांगने पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर, बोले…

नाहन, 30 अक्तूबर :पड़ोसी राज्य हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर रविवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र के धौलाकुआं में भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजीव बिंदल के चुनाव प्रचार में वोट मांगने पहुंचे। करीब 35 मिनट के संबोधन के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि स्थानीय विधायक सोलन से जीत की हैट्रिक बना चुके हैं। इस बार वह नाहन विस क्षेत्र से भी जीत की हैट्रिक बनाएंगे। साथ ही छठी मर्तबा विधानसभा पहुंचेंगे।

       मुख्यमंत्री ने कहा कि नाहन निर्वाचन क्षेत्र की सीमा हरियाणा से लगती है। चुनाव के दौरान राज्यों में एक संबंध कायम होता है। उनका कहना था कि दोनों राज्यों द्वारा कई योजनाओं पर मिलकर कार्य किया जा रहा है। इसमें आदि बद्री डैम के अलावा रेणुका बांध परियोजना भी है। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि कई अन्य योजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में डबल इंजन की सरकार दोबारा काबिज होने जा रही है। भाजपा के स्थानीय प्रत्याशी डॉ राजीव बिंदल के लिए वोट मांगते हुए उन्होंने कहा कि आप के विधायक ने विकास में कोई कोर कसर नहीं रखी है।

       उल्लेखनीय है कि नाहन विधानसभा क्षेत्र का एक बड़ा क्षेत्र हरियाणा के सीमा से सटा हुआ है। औद्योगिक क्षेत्र  कालाअंब भी हरियाणा के सीमा पर ही है। ऐसे में दोनों राज्यों के बीच मधुर संबंध यहां के विकास के लिए भी अहम भूमिका निभा सकते हैं।

     उधर भाजपा प्रत्याशी व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि धौलाकुआं में भाजपा से संकल्प रैली का शानदार आयोजन हुआ। उन्होंने कहा कि हिमाचल में एक बार पुनः भाजपा सरकार बनेगी और नाहन विधानसभा क्षेत्र से फिर कमल ही खिलने जा रहा है। बिंदल ने रैली में भाग लेने पहुंची महिलाओं का भी नमन किया। खास बात यह भी रही कि भाजपा के स्थानीय वरिष्ठ  नेत्री प्रतिभा कौशिक भी मंच पर नजर आई। कार्यक्रम में पार्टी के जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता के अलावा अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले ही भाजपा प्रत्याशी ने सुनियोजित प्रचार शुरू कर दिया था।

उधर  उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पावटा साहिबा विधानसभा के भंगानी व पच्छाद विधानसभा के नारग में रैलियों को संबोधित किया। धामी ने मंत्री सुखराम चौधरी व पच्छाद से पार्टी प्रत्याशी रीना कश्यप के लिए वोट मांगे। BJP नेता भूपेंद्र सिंह ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र की रैली रोनहाट में जबकि रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र की रैली नौहराधार में रैली को संबोधित किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि सिरमौर जिला में चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी को अच्छा जनसमर्थन मिल रहा है। प्रदेश में मिशन रिपीट होना तय है, भाजपा नेताओं ने एक बार फिर सिरमौर जिला की सभी सीटों पर जीत का दावा किया है।