हेड कांस्टेबल भाग सिंह ठाकुर को मिला ‘पुलिस प्राइड अवार्ड’, राज्यपाल ने किया सम्मानित

किसी सड़क दुर्घटना की बात हो या फिर किसी आपराधिक घटना का मंजर। इस दौरान मदद के नाम पर हमारे जहन में सबसे पहले जो नाम आता है वह है पुलिस। खाकीकर्मी भी निराश न करके दिन-रात सेवारत रहकर लोगों की समस्या को न केवल निदान करती है, बल्कि लोगों को एक सुरक्षा का दायरा भी प्रदान करती है।

पुलिस की इन बेहतर सेवाओं के लिए प्रतिवर्ष उन्हें सम्मानित भी किया जाता है। इसी कड़ी में वर्ष 2023 में भी ‘पुलिस प्राइड अवार्ड’ (Police Pride Award) के लिए उपमंडल स्वारघाट की ग्राम पंचायत खरकड़ी के गांव मलेटा से संबंध रखने वाले हैड कांस्टेबल भाग सिंह ठाकुर को सम्मानित किया गया है। राजधानी शिमला (Shimla) में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में महामहिम राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला (Governor Shiv Pratap Shukla) के हाथों से उन्हें यह सम्मान हासिल हुआ है।

वर्तमान में पुलिस थाना नालागढ़ में अपनी सेवाएं दे रहे भाग सिंह ठाकुर को यह सम्मान 1 वर्ष में सर्वाधिक केस सॉल्व करने के लिए दिया गया है। इन केसों में मुख्य आरक्षी भाग सिंह ने एक वर्ष में सर्वाधिक 15 ऑनलाइन धोखाधड़ी (Online Fraud) के अनसुलझे केस सॉल्व कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। इसके तहत भाग सिंह ठाकुर ने यूपी, बिहार, झारखंड, वेस्ट बंगाल, मुंबई व कोलकाता से 15 मुल्जिम पकड़ कर उनसे करीब 25 लाख रुपये रिकवर किए हैं।

इसके साथ ही चोरी के 2 केसों को सुलझाकर पंजाब (Punjab) से भी आरोपियों को पकड़कर भाग सिंह ठाकुर ने चोरों से 9 लाख रुपए रिकवर करवाए हैं। अपनी सेवाओं के दौरान ओद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में माइनिंग के भी 22 चालान काटकर 3 लाख 74 हजार रुपए का जुर्माना वसूला है। बता दें कि हेड कांस्टेबल भाग सिंह ठाकुर के पिता सूबेदार अशोक ठाकुर भी आर्मी से बतौर अधिकारी रिटायर हुए हैं।