हिमाचल में 4 दिन लू चलने की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

हिमाचल में अप्रैल के महीने में गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है। स्थिति यह है कि प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में लू झुलसाने लगी है। वीरवार का दिन इस सीजन में सबसे गर्म रहा और दिन का पारा पहली बार 40 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 4 दिन भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं। इस दौरान अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति बनने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से मैदानी व मध्यवर्ती इलाकों में लू की चेतावनी के लिए अलर्ट भी जारी किया गया है। हिमाचल में अप्रैल का महीना गर्मी के आगमन वाला रहता है और आमतौर पर तापमान खुशनुमा बना रहता है। मई व जून में तेज झुलसाने वाली गर्मी पड़ती है, लेकिन इस बार अपै्रल में ही लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में दिन शुरू होते ही धूप तीखी हो रही है। दोपहर के समय लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा रहा है। ऊना में वीरवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया। यह तापमान पिछले कल से 1.5 डिग्री अधिक है। यह राज्य में सबसे गर्म स्थल रहा। वीरवार का दिन इस सीजन का सबसे अधिक गर्म वाला दिन रहा। 

ये रहा अधिकतम तापमान

बिलासपुर में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं हमीरपुर व सुंदरनगर में 35.6, सोलन 33.5, भुंतर 33.2, कांगड़ा 35.1, धर्मशाला 33, चम्बा 33.3, डल्हौजी 23.5, कल्पा 22.5, शिमला 25.6 और केलांग में 18.4 डिग्री दर्ज किया गया है। राजधानी शिमला में पिछले दो दिनों से पारा 25 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।

भीषण गर्मी से अभी राहत की उम्मीद नहीं : सुरेंद्र पाल 

मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि लोगों को झुलसाने वाली भीषण गर्मी से अभी राहत की उम्मीद नहीं है। सप्ताह भर के दौरान किसी भी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना नहीं है, इसलिए अधिकतम तापमान आमतौर पर सामान्य से ज्यादा बने रहने के आसार हैं। ऐसे में गर्मी का प्रकोप और बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि आगामी 11 अप्रैल तक राज्यभर में मौसम के साफ बने रहने का अनुमान है। इस दौरान मैदानी व मध्यपर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर लू चलने की आशंका है, जिसे लेकर यैलो अलर्ट जारी किया गया है।