आज यह किस्सा प्रियंका का नहीं बल्कि उनके मम्मी-पापा की है, जिनकी लव-स्टोरी किसी फिल्मी कहानी जैसी है। मधु चोपड़ा को डेट पर ले जाने के लिए अशोक चोपड़ा ने खूब बेले थे पापड़, मां ने माना कि उनकी नजरें उनके किलर एब्स पर थम गई थीं।

प्रियंका चोपड़ा के बारे में हम सबने खूब पढ़ा और सुना है, लेकिन आज हम बात करने जा रहे हैं उनकी मां और पापा के बारे में। बॉलीवुड से हॉलीवुड तक डंका पीट चुकीं प्रियंका चोपड़ा उन दिनों एरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई को लेकर प्लानिंग में जुटी थीं। मेडिसीन, अकैडमिक्स और मिलिट्री सर्विस उनकी फैमिली के डीएनए में ही मौजूद था। प्रियंका चोपड़ा के माता-पिता दोनों डॉक्टर थे। प्रियंका की नानी भी नर्सिंग की स्टूडेंट रह चुकी थीं, लेकिन प्रियंका की राह खानदान से बिल्कुल अलग चल पड़ी। खैर, आज यह किस्सा प्रियंका का नहीं बल्कि उनके मम्मी-पापा की है, जिनकी लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी जैसी है। यह कहानी प्रियंका चोपड़ा ने खुद अपनी किताब ‘अनफिनिश्ड’ में सुनाई है।
प्रियंका के पापा अंबाला के पंजाबी हिन्दू फैमिली से
प्रियंका के पापा अशोक चोपड़ा अंबाला के पंजाबी हिन्दू फैमिली से थे। प्रियंका चोपड़ा के दादा जी कस्तूरी लाल चोपड़ा आर्मी में सूबेदार, एक जूनियर कमिशंड ऑफिसर थे हुआ करते थे जिन्होंने बर्मा, कॉन्गो और यूएन से लड़ाई में देश की तरफ से लड़े थे। प्रियंका के दादाजी ने चंपा कली चोपड़ा से शादी रचाई और सर्विस के बाद उन्होंने मिलिट्री में सप्लाई का काम शुरू किया।

प्रियंका के पापा ने आर्मी मेडिकल स्कूल जॉइन किया
प्रियंका के चाचा भी आर्मी से ताल्लुक रखते थे। चाचा विजय चोपड़ा तब महज 17 साल की उम्र के थे जब उन्होंने आर्मी जॉइन कर ली थी और उनके दो छोटे भाइयों ने मिलिट्री की जगह बिजनस में अपने पापा को हेल्प करने का फैसला लिया था। प्रियंका चोपड़ा की दो बुआ सरोज और कामिनी उनके पापा से उम्र में छोटी थीं। प्रियंका के पापा ने आर्मी मेडिकल स्कूल जॉइन किया और फिर करीब 27 साल तक वहीं प्रैक्टिस करते रहे और फिर अंत में लेफ्टिनेंट कर्नल अशोक चोपड़ा, एमबीबीएस, एमएस के पद से रिटायर हुए।

म्यूजिशियन बनना चाहते थे प्रियंका चोपड़ा के पापा
प्रियंका चोपड़ा के पापा अशोक चोपड़ा एक डेडिकेटेड आर्मी ऑफिसर थे, लेकिन उनकी असली ख्वाहिश म्यूजिशियन बनने की थी। म्यूजिक और एंटरटेनमेंट ही उनका असली सपना था। वह शानदार आवाज रखने वाले बेहतरीन गायक भी थे। हमेशा हंसते रहने वाले एक गॉरजस और लाउड पर्सनैलिटी जो हर पार्टी में सभी के आकर्षण का केन्द्र बन जाया करते थे। आर्मी क्लब का कोई शो हो या फिर कोई इवेंट, बिना किसी शक के वह हर मौके के ऑर्गनाइजर, प्रड्यूसर, होस्ट और स्टार हुआ करते थे।
प्रियंका चोपड़ा की नानी को चर्च से निकाला मिल गया था क्योंकि हिन्दू से रचाई थी शादी
प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा भले तस्वीरों या वीडियो में आपको काफी बोल्ड और बिंदास नजर आती हैं, लेकिन एक वक्त था जब वह काफी इंट्रोवर्ट किस्म की हुआ करती थीं। मद्रास (चेन्नै) में जन्मी मधु का पालन-पोषण झारखंड में हुआ। प्रियंका की नानी मधु ज्योत्सना क्रिश्चियन थीं, जिनकी शादी मनहर कृष्णा अखौरी से हुई जो कि हिन्दू थे। नानी की शादी उनके धर्म से बाहर हुई थी, इसीलिए उन्हें चर्च में भी जाने की अनुमति नहीं थी। यहां तक कि वह मौत के समय तक भी एक आउटसाइडर ही बनी रहीं, जिनकी आखिरी तमन्ना थी कि मरने के बाद उन्हें उनकी फैमिली वालों के पास ही दफनाया जाए, लेकिन उनकी इस इच्छा को पूरी करने से इनकार कर दिया गया था। प्रियंका की नानी बिहार विधानसभा की सदस्य थीं और नाना ट्रेड यूनियन लीडर थे, जो बिहार में कांग्रेस पार्टी में शामिल थे।

पहली बार पापा ने प्रियंका की मां को एक पार्टी में देखा
प्रियंका के पैरंट्स की मुलाकात 1981 में बरेली, यूपी में हुई, जहां उनके पापा आर्मी में जेनरल सर्जन थे और मां मधु वहीं क्लारा स्वैन हॉस्पिटल में मरीजों को देखती थीं। तब पहली बार पापा ने प्रियंका की मां को एक पार्टी में देखा था। वह साड़ी और कमर तक लंबे बालों में काफी जंच रही थीं। अशोक चोपड़ा को समझ आ गया था कि उन्हें अब उनसे दोबारा मुलाकात करनी ही पड़ेगी।
प्रियंका के पापा सीधे उस हॉस्पिटल में पहुंच गए जहां मधु अपनी ड्यूटी कर रही थीं
अगली शाम अशोक चोपड़ा बिना बताए उस हॉस्टल के बाहर पहुंच गए, जहां प्रियंका की मां अपनी मां के साथ रहती थीं। तीनों के बीच कुछ बातचीत हुई और पापा फिर अगली शाम बिना बताए पहुंच गए। उन्हें पता लगा कि मधु तब नाइट शिफ्ट कर रही थीं। अब क्या किया जाए? हालांकि, मुलाकात को लेकर पहले से ही ठान चुके प्रियंका के पापा सीधे उस हॉस्पिटल में पहुंच गए।

प्रियंका के पापा ने मधु से पूछ ही लिया कि क्या वह डेट पर चलेंगी?
अब हॉस्पिटल के अंदर अपने दिल का हाल बताने पहुंचे अशोक चोपड़ा ने यहां अपना चेहरा गंभीर बना लिया। उन्होंने मधु चोपड़ा के सामने बीमार हने का ढोंग करते हुए कहा, ‘मुझे पेट में काफी दर्द है।’ इसके बाद मधु यानी प्रियंका की मां ने उनकी जांच के लिए सबकुछ कर डाला जो पेशेंट के लिए करना चाहिए। उन्हें कुछ वजह मिली नहीं लेकिन हालात देखते हुए उन्होंने अशोक चोपड़ा को एक पेन किलर दिया। कुछ घंटे बाद अशोक चोपड़ा ने कहा कि उन्हें काफी आराम है, जिसके बाद वह वहां से चले गए। अगले दिन ही उन्होंने प्रियंका की मां से पूछ ही लिया कि क्या वह उनके साथ डेट पर चलेंगी? पहले तो मधु ने यह कहते हुए डेट पर चलने से मना कर दिया कि उन्हें अपनी मां से परमिशन नहीं मिलेगी। खैर, प्रियंका के पापा भी कहां रुकने वाले थे। उन्होंने फिर कोशिश की, इस बार अपनी एक मैरिड फ्रेंड को भी साथ ले गए जिन्होंने बताया कि उन्होंने और उनके हसबैंड ने एक छोटी सी हाउस पार्टी रखी है, जिसके बाद प्रियंका की नानी अपनी बेटी को उस पार्टी में भेजने के लिए तैयार हो गईं।
