हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की मुखिया बनने के बाद पहली बार ऊना पहुंची प्रतिभा सिंह का कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया. सर्किट हाउस में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, विधायक सतपाल सिंह रायजादा समेत तमाम कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष की अगवानी के लिए जुटे रहे. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के मजबूत होने का दावा करते हुए भाजपा को अपना घर संभालने की नसीहत दी.
प्रतिभा सिंह ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा कांग्रेस पर किए जा रहे कटाक्ष का भी जवाब दिया. मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेस के सभी जिलों में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होने के कटाक्ष का जवाब देते हुए प्रतिभा सिंह ने भाजपा नेताओं को अपना कुनबा संभालने की नसीहत तक दे डाली. वहीं भाजपा द्वारा बूथ स्तर पर अभियान शुरू किए जाने पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस पहले से ही बूथ स्तर पर मजबूत है और कांग्रेस चुनाव में उतरने के लिए भी पूरी तरह से तैयार है.
वहीं, मुख्यमंत्री के चेहरे का चुनाव पूर्व ऐलान करने के सवाल पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि यह हाईकमान द्वारा तय किया जाएगा. हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की प्रचंड जीत के बाद विधायक दल और हाईकमान द्वारा अपने प्रमुख चेहरे का चुनाव कर सरकार बनाई जाएगी.
उधर, जिला ऊना मुख्यालय के पुराना बस अड्डा परिसर में रविवार देर शाम कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया. इस दौरान प्रदेश कांग्रेस की त्रिमूर्ति प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने विशेष रूप से शिरकत की. इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व ने भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकारों को जमकर निशाने पर लेते हुए न केवल इन्हें हर मोर्चे पर विफल सरकारें बताया, बल्कि हर वर्ग के साथ धोखा करने वाली सरकार भी करार दिया. वहीं कांग्रेस नेताओं ने इशारों-इशारों में टिकट के लिए शक्ति प्रदर्शन किया.