हिमाचलः अमलेहड़ के जंगलों में लगी भीषण आग, लाखों की वन संपदा हुई स्वाह

स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

ऊना। गर्मी के मौसम में जंगलों में आग लगने की घटाएं लगातार बढ़ती जा रही है। शिमला के बाद अब जिला ऊना के गगरेट विधानसभा क्षेत्र के गांव अमलेहड़ के जंगल मे भीषण आग से लाखों की वन संपदा स्वाहा कर दी है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर बाद अमलेहड़ के सरकारी जंगल मे अचानक आग सुलग उठी, जिसने शाम होते होते रौद्र रूप धारण कर लिया और सारी रात आग कहर बरपाती रही। आग लगने से पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया। हालांकि रात को फायर ब्रिगेड के जवान एवं स्थानीय लोग आग बुझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के चलते आग पर काबू नहीं पाया जा सका। जिससे सैकड़ो कनाल जंगल में चीड़, खैर व अन्य पेड़, वनस्पति, जीव जंतु जलकर राख होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

आग लगने के पुख्ता कारणों का अभी भी पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग के कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी देर रात तक आग पर काबू पाने के प्रयासों में जुटे रहे। घटना में जंगल में हजारों की संख्या में पेड़ पौधों के साथ-साथ कई जीव जंतु और जानवर भी जलकर राख होने का अनुमान लगाया जा रहा है। स्थानीय वासी का आरोप है कि रविवार के दिन इस क्षेत्र के जंगलों में सैकड़ों की संख्या में बाहरी लोग पिकनिक आदि मनाने के लिए पहुंचते हैं और यही लोग जाते-जाते इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे जाते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया जाए ताकि स्थानीय वन संपदा को नुकसान होने से बचाया जा सके।