हिमाचल बीजेपी नेताओं को पार्टी में हो रही घुटन, कांग्रेस में होना चाहते हैं शामिल…प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का बड़ा बयान

हिमाचल कांग्रेस प्रदेश इकाई की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि बीजेपी में आंतरिक कलह चल रही है। कांग्रेस नेता के जारी बयान के मुताबिक बीजेपी नेताओं को पार्टी में घुटन हो रही है। साथ ही कहा कि बीजेपी के कई नेता कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। दरअसल हिमाचल बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष रह चुके खीमी राम ने बीते मंगलवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया है।

pratibha singh himachal congress
प्रतिभा सिंह (फाइल फोटो)
शिमला: कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बीजेपी नेताओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। प्रतिभा सिंह ने बुधवार को कहा कि बीजेपी के कई नेता कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं को अपनी ही पार्टी में घुटन महसूस हो रही है। भाजपा की हिमाचल प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष खीमी राम के मंगलवार को कांग्रेस में शामिल होने के एक दिन बाद प्रतिभा सिंह ने यह टिप्पणी की है।

प्रतिभा सिंह ने एक बयान में कहा कि भाजपा के कई नेता कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं, क्योंकि अपनी पार्टी के भीतर जारी कलह के कारण उन्हें घुटन महसूस होती है। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के हिमाचल प्रदेश के प्रभारी राजीव शुक्ला, एआईसीसी के सचिव सुधीर शर्मा और तिजेंद्र बिट्टू की मौजूदगी में खीमी राम कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

जानिए कौन हैं खीमी राम?
हिमाचल प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व वन मंत्री खीमी राम शर्मा विधानसभा के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। खीमी राम जिला कुल्लू के बंजार विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं। आपको बता दें कि बीजेपी के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साल 2011 में मंत्री पद से हटने के बाद खीमी राम को वन मंत्री बनाया गया था।

खीमी राम का पार्टी में स्वागत करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि उनके आने से पार्टी मजबूत होगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोग भाजपा की नीतियों और फैसलों से तंग आ चुके हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी शक्ति से आगे बढ़ रही है।