हिमाचल: नगर परिषद बद्दी पर एक बार फिर भाजपा का कब्जा, जस्सी राम चुने गए अध्यक्ष

नालागढ़. हिमाचल प्रदेश में नालागढ़ के नगर परिषद बद्दी पर एक बार फिर भाजपा ने कब्जा जमाया है. भाजपा के पार्षद जस्सी राम को नगर परिषद अध्यक्ष चुना गया है. एसडीएम नालागढ़ महेंद्र पाल गुर्जर ने नवनियुक्त अध्यक्ष को गोपनीयता की शपथ दिलाई. जस्सी के अध्यक्ष बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है.

नगर परिषद बद्दी में पिछले कई महीनों से अध्यक्ष की कुर्सी खाली थी. ऐसे में यहां एक बार फिर भाजपा का दबदबा कायम हुआ है. वार्ड नं 8 के पार्षद जस्सी राम को नालागढ़ एसडीएम महेंद्र पाल गुज्जर ने अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई. बता दें काफी उठापटक के बाद भाजपा ने बद्दी अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है. नवनिर्वाचित अध्यक्ष जस्सी राम ने कहा नगर परिषद बद्दी में अब विकास होगा. बद्दी को जो परिवारवाद का ग्रहण लगा हुआ था उस ग्रहण को हटा दिया गया है. उनका कहना था कि नगर परिषद बद्दी में अब विकास की गंगा बहाई जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि जिस विश्वास से यह जिम्मेदारी मुझे मिली है, उस पर खरा उतरने की भरपूर कोशिश करूंगा और नप क्षेत्र में विकास के कार्य में किसी तरह की कमी नहीं रहेगी.

जस्सी के अध्यक्ष बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है.

नगर परिषद बद्दी के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए दून विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि साढ़े चार साल के कार्यकाल में 46 करोड़ रुपए के विकास कार्य हुए और अब विकास को लेकर धन की कोई कमी नही है. विकास हर वर्ग या हर नागरिक तक पहुंचना चाहिए. सरदार परमजीत पम्मी ने कहा कि भाजपा इस बार रिवाज बदलेगी. भाजपा हिमाचल में भी अपनी सरकार बनाएगी ओर पूरे हिमाचल को शिखर पे लेकर जाना भाजपा का संकल्प है.