हिमाचलः ऊना में साढ़े सात बजे लगेंगे स्कूल, 12:50 पर होगी छुट्टी

शिक्षकों को 1:30 बजे स्कूल में उपस्थित रहना अनिवार्य रहेगा

ऊना। हिमाचल प्रदेश में बढ़ती गर्मी के चलते ग्रीष्मकालीन स्कूल का समय बदला गया है। जिला ऊना के स्कूलों में 5 मई यानी गुरुवार से बदले हुए टाइम टेबल के तहत नई व्यवस्था अपनाई जा रही है।इस संबंध में आज हुई बैठक में निर्णय लिया गया है। जिसके तहत स्कूल सुबह 7:30 बजे खुलेंगे जबकि दोपहर 12:50 पर बच्चों को छुट्टी कर दी जाएगी। समय सारिणी बदलने के संबंध में उच्च शिक्षा निदेशालय और एलीमेंट्री शिक्षा निदेशालय ने भी 2 मई को अलग अलग नोटिफिकेशन जारी करते हुए अपने अपने जिलों में चल रहे हालात के मुताबिक समय सारणी बदलने का आह्वान किया था।

बुधवार सुबह उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक जनक सिंह ने जिला भर के सभी उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रभारियों के साथ मंत्रणा करने के बाद 5 मई 2022 से आगामी आदेशों तक स्कूलों की समय सारणी में बदलाव किया है। गुरुवार से जिला भर के सभी स्कूल सुबह 7:30 बजे खुलेंगे जबकि दोपहर 12:50 पर बच्चों को छुट्टी कर दी जाएगी। हालांकि शिक्षकों को 1:30 बजे स्कूल में उपस्थित रहना अनिवार्य रहेगा। उच्च शिक्षा उपनिदेशक जनक सिंह ने बताया कि जिला भर में चल रही भीषण गर्मी की लहर को देखते हुए शिक्षा विभाग द्वारा यह फैसला लिया गया है। आने वाले दिनों में मौसम विभाग द्वारा भी गर्मी का प्रकोप और बढ़ने की आशंका जाहिर की गई है। ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए टाइम टेबल में बदलाव करते हुए इसे लागू कर दिया गया है।