Himachal Tourism: सैलानियों की पहली पसंद बने बर्फ से लकदक पहाड़ और सेब से लदे बागीचे

हिमाचल के मशहूर पर्यटन स्थलों के मुकाबले दुर्गा पूजा टूरिस्ट सीजन के दौरान किन्नौर और स्पीति में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। किन्नौर के बर्फ से लकदक पहाड़ और सेब से लदे बागीचे सैलानियों को आकर्षित कर रहे हैं। शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी के मुकाबले इन दिनों किन्नौर और स्पीति सैलानियों की पहली पसंद हैं। दुर्गा पूजा टूरिस्ट सीजन के दौरान सराहन, सांगला, छितकुल, कल्पा, ताबो, काजा और केलांग के होटल पैक चल रहे हैं। सैलानी शहरों की भीड़ भाड़ से दूर प्रकृति के समीप इन शांत इलाकों में ठहरना पसंद कर रहे हैं। समर टूरिस्ट सीजन के दौरान भी किन्नौर और स्पीति में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी थी।

साल दर साल इन इलाकों में सैलानियों की आमद बढ़ रही है। नवरात्र से पहले शुरू हुए दुर्गा पूजा टूरिस्ट सीजन से लेकर दिवाली तक के लिए किन्नौर और स्पीति के सभी होटल और होम स्टे एडवांस बुक हो गए हैं। पर्यटन कारोबार के रफ्तार पकड़ने से यहां के पर्यटन कारोबारी खासे उत्साहित हैं।

हिमाचल के अन्य पर्यटन स्थलों के मुकाबले सैलानी किन्नौर और स्पीति जाना अधिक पसंद कर रहे हैं। शहरों के शोर शराबे से दूर साफ सुथरी आबोहवा सैलानियों को आकर्षित कर रही है। शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी के होटलों में 60 से 70 फीसदी कमरे बुक चल रहे हैं जबकि किन्नौर और स्पीति के होटलों में 90 से 100 फीसदी कमरे बुक हैं।

बर्फ से लदे पहाड़ और सेब से लदे पेड़ सैलानियों को आकर्षित कर रहे हैं। सांगला वैली से जो नजारा दिखता है उसमें सबसे ऊपर बर्फ से लदे पहाड़, उसके नीचे भोजपत्र के पीले पड़े पत्तों की पट्टी, उसके नीचे चील के हरे पेड़ों की पट्टी और सामने सेब से लदे पेड़ नजर आते हैं। किन्नौर के होटल और होम स्टे इन दिनों एडवांस बुक हैं

वीकेंड से पहले ही हिल्सक्वीन शिमला भी सैलानियों से गुलजार हो गई है। बुधवार को शहर में सैलानियों का भारी जमावड़ा लगा। सर्कुलर रोड पर स्थित पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर सैलानियों की भीड़ रही। दोपहर के समय ही लिफ्ट कार पार्किंग हो गई। रिज मैदान और मालरोड पर सैलानियों की खूब चहल पहल रही।