पूरे देश में बदलाव के लिए जाना जाएगा हिमाचल

राजनीति

पूरे देश में बदलाव के लिए जाना जाएगा हिमाचल : त्यागी

पूरे देश में बदलाव के लिए जाना जाएगा हिमाचल : त्यागी
भाजपा की सरकार दावे बड़े-बड़े करती है, लेकिन जमीन पर कुछ काम नहीं करती

शिमला : हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सियासी दल बड़े-बड़े चेहरों के जरिए प्रचार कर सत्ता पर काबिज होने की कोशिश में डटे हुए हैं। इसी कड़ी में जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने शिमला पहुंचकर कांग्रेस पार्टी के लिए वोट की मांग की। केसी त्यागी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जीत से साल 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए विपक्ष अपनी एकता की नींव रखेगा। हिमाचल पूरे देश में बदलाव की शुरुआत के लिए जाना जाएगा। त्यागी ने यह भी स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार विपक्ष का प्रधानमंत्री चेहरा नहीं, बल्कि विपक्षी एकता के प्रबंधक हैं।
केसी त्यागी ने कहा कि भाजपा की सरकार बड़े-बड़े दावे तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नजर नहीं आता। हिमाचल में भी डबल इंजन के विकास के बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन यहां के लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई ने आम जनता को पूरी तरह परेशान कर दिया है। आज बढ़ती हुई महंगाई से महिलाएं परेशान हैं। सिलेंडर के बढ़ते दाम सरकार की वास्तविकता बताते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सत्ता परिवर्तन तय है और हिमाचल से ही पूरे देश में बदलाव की शुरुआत होगी।