#HP: पुलिस अधिकारियों के वर्दी भत्ते में वृद्धि, 3675 से बढ़ाकर 15 हजार करने की घोषणा…

शिमला, 23 अगस्त : CM जयराम ठाकुर ने पुलिस अधिकारियों के वर्दी भत्ते में वृद्धि की घोषणा की है। प्रदेश पुलिस अधिकारियों का वार्षिक वर्दी भत्ता 3675 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये कर दिया गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर (CM Jairam Thakur) ने हिमाचल प्रदेश पुलिस (Himachal Pradesh Police) सेवा के अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए ये घोषणा की है।

सीएम ने कहा कि राज्य पुलिस देश की सबसे अनुशासित और समर्पित पुलिस बलों में से एक है। यह प्रत्येक हिमाचल वासी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों और विषम कार्य समय के बावजूद राज्य पुलिस ने हमेशा उच्च कर्तव्यनिष्ठा और कर्मठता के मानकों को बरकरार रखा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार (State Government) ने पुलिस बल के उच्च मनोबल को बनाए रखने के लिए बेहतरीन माहौल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया है।

 उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले साढ़े चार साल की अवधि में पुलिस कर्मियों के विभिन्न श्रेणियों के सैकड़ों पद भरे गए हैं और 2500 से अधिक पुलिस कर्मियों को पदोन्नत किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पुलिस उप अधीक्षक के 16 पदों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया है। इससे पुलिस बल में पदोन्नतियों के ठहराव को दूर करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी में प्रगति के साथ ही पुलिस बल की कार्यप्रणाली में भी भारी बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी में तेजी से हो रही प्रगति की चुनौतियों का सामना करने के लिए पुलिस बल को तैयार रहना चाहिए। उन्होंने पुलिस बल और जनता के बीच बेहतर समन्वय पर भी विशेष बल दिया।