ऐसे रहे हालात तो भाजपा को पूछकर लेना पड़ेगा सांस : GS तोमर

देश में इस समय अराजकता का बोलबाला है। गुजरात के दो उद्योगपतियों के अलावा कॉर्पोरेट सेक्टर के ने उद्यमी सिसक-सिसक कर अपना कारोबार चला रहे है। मीडिया की आजादी पर लगातार भाजपा सरकार प्रहार कर रही है। बीबीसी जैसे मीडिया संस्थान की कार्यशैली पर पीएम की डॉक्यूमेंटरी बनाए जाने  के बाद बीबीसी के खिलाफ बदले की कार्रवाई की जा रही है। मीडिया कर्मी दबाव में काम करने को मजबूर है। वीरवार को प्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता जीएस तोमर ने यह आरोप भाजपा सरकार पर जड़े।

उन्होंने कहा कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद यह साफ़ हो गया है कि अदानी ग्रुप ने हेरा-फेरी कर सरकार का फायदा उठाया है। लगातार शीर्ष पर पहुंचने के पीछे की कहानी बयां होने के बाद केंद्र सरकार अदानी के घोटालो की जाँच न कर उल्टा उसे फेवर कर रही है। तोमर ने कहा कि यदि यही हाल रहा तो वह दिन दूर नहीं है जब देश की आर्थिकी डूबने के कगार पर होगी। महंगाई पर भाजपा सरकार का कंट्रोल नहीं है। ED का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिशोध लेने के लिए किया जा रहा  है। पिछले 9 साल में 90 % मामलों में भाजपा ने विरोधियों पर छापामारी करवाई है।

उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा को इसलिए हिरासत  में लिया गया कि उन्होंने मोदी के खिलाफ एक छोटी सी टिप्पणी कर दी थी जिसमें कोई भी अभद्रता जैसी बात नहीं थी। वहीं, भाजपा के लोग कई सालों से सोनिया गांधी व राहुल  गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अनापशनाप बयानबाजी करते रहे है। उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं होती? उन्होंने देश के हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि इसी तरह निरंकुशता से भाजपा का शासन जारी रहा तो साँस भी भाजपा के लोगों से पूछकर लेना पड़ेगा। इसमौके  पर  जिला कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष आंनद परमार, अनिल शर्मा (टिक्कू), मनीराम पुंडीर, जबर सिंह चौहान, अधिवक्ता विवेक पाल व बिनीश राणा आदि मौजूद थे।