In the transition period of covid-19, the emphasis on balanced development with protection of all - Dr. Saizal

कोविड-19 के संक्रमण काल में सभी की सुरक्षा के साथ संतुलित विकास पर बल-डाॅ. सैजल

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुर्वेद मन्त्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि कोविड-19 महामारी के संकट समय में बहुमूल्य श्रम शक्ति को सुरक्षित रखते हुए विकास को गति प्रदान की जा सके। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाओं का समयबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित बनाया जा रहा है। डाॅ. सैजल आज सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत बड़ोग के रूंदन घोड़ों में 4.50 लाख रुपए की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी केन्द्र का लोकार्पण करने के उपरान्त रूंदन घोड़ों और मंझोली में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
स्वास्थ्य मंत्री ने तदोपरांत ग्राम पंचायत बोहली के अन्तर्गत मंझोली से निचली मंझोली, उपरली मंझोली तथा दोची बझोल्टी सम्पर्क मार्गों का शुभारम्भ भी किया।    

 

उन्होंने कहा कि कसौली विधानसभा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए योजनाबद्ध कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रूंदन घोड़ों में आंगनबाड़ी केन्द्र के अतिरिक्त कार्य के लिए शीघ्र ही धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि क्षेत्र में विकास के लिए विभिन्न कार्यों के लिए धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। 
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मन्त्री ने कहा कि कोविड-19 के संकट समय में हिमाचल प्रदेश में न केवल श्रम शक्ति को सुरक्षित रखने का कार्य किया गया है अपितु यह भी सुनिश्चित बनाया गया कि विभिन्न विकास कार्यों के लिए धन आबंटन समय पर हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सशक्त नेतृत्व में प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में समयबद्ध उत्पादन कार्य हो रहे हैं। सोलन जिला के बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ सहित सिरमौर, कांगड़ा तथा ऊना जिला के औद्योगिक क्षेत्रों में औद्योगिक कार्य सुचारू गति से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में गत वर्ष आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्ज मीट के माध्यम से प्रदेश को 97 हजार करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। यह विकसित एवं सम्पन्न हिमाचल की नींव रखने में सहायक सिद्ध होंगे।  

 

डाॅ. सैजल ने सभी आग्रह किया कि कोविड-19 महामारी से बचने के लिए लोगों को स्वयं सतर्क रहें। विवाह सहित विभिन्न सामूहिक कार्यक्रमों में विशेष एहतियात बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों पर सही प्रकार से मास्क पहने, 02 गज की दूरी के सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें और अपने हाथों को बार-बार साबुन से धोते रहें। उन्होंने कहा कि दवा आने तक ढिलाई बरतना सभी के लिए नुकसानदेह सिद्ध हो सकता है। 
आयुर्वेद मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्राम पंचायतांे को सशक्त इकाई बनाने के लिए कृत संकल्प है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रशासनिक एवं विकास आवश्यकताओं के अनुसार प्रदेश एवं जिला में नई ग्राम पंचायतांे का गठन किया गया है। उन्होंने नई ग्राम पंचायत सुलतानपुर के सृजन के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।  

 

डाॅ. सैजल ने इस अवसर पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अन्तर्गत ग्राम पंचायत बड़ोग की 02 कन्याओं हर्शिता तथा इशिता के अभिभावकों को बधाई पत्र व उपहार प्रदान कर सम्मानित किया। बेटी है अनमोल योजना के तहत 02 कन्याओं रावि तथा दिव्या को 12000-12000 रुपए की एफडी प्रदान की। 

 

आयुर्वेद मंत्री ने इस अवसर पर एक बूटा बेटी के नाम योजना के अन्तर्गत आंवले का पौधा भी रोपित किया।इस अवसर पर भाजपा मंडल कसौली के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य राजकुमार सिंगला, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष यशपाल ठाकुर, ग्राम पंचायत बड़ोग की प्रधान वीना पराशर, वार्ड सदस्य सत्या देवी, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, उपाध्यक्ष सुनील कश्यप, भाजयुमो कसौली के अध्यक्ष वरूण शर्मा, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, सचिव कपिल ठाकुर, छावनी परिषद डगशाई के निर्वाचित सदस्य राकेश कुमार, भाजपा मंडल कसौली के पूर्व महामंत्री हीरानंद शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र तेगटा, खण्ड विकास अधिकारी सोलन ललित दुल्टा, सीडीपीओ पदम देव शर्मा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, भाजपा तथा भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि व ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित थे।