IND vs NZ 1st ODI Live: न्यूजीलैंड ने पावरप्ले में एक विकेट खोकर 42 रन बनाए, कॉन्वे-विलियम्सन क्रीज पर

Live Cricket Score, India vs New Zealand (IND vs NZ) 1st ODI: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज ऑकलैंड में खेला जा रहा है। सीनियर खिलाड़ी इस सीरीज में नहीं खेल रहे। शिखर धवन की कप्तानी में युवा टीम इंडिया मैदान पर उतरी है। वहीं, न्यूजीलैंड की कमान केन विलियम्सन संभाल रहे हैं। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत के लिए उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह आज वनडे में डेब्यू कर रहे हैं। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 307 रन का लक्ष्य रखा है।

लाइव अपडेट

11:59 AM, 25-NOV-2022

IND vs NZ 1st ODI Live: न्यूजीलैंड ने पावरप्ले में 42 रन बनाए

न्यूजीलैंड ने 307 रन का पीछा करते हुए पावरप्ले में एक विकेट खोकर 42 रन बनाए हैं। फिलहाल केन विलियम्सन और डेवोन कॉन्वे क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और बड़ी साझेदारी करने की कोशिश कर रहे हैं।

11:46 AM, 25-NOV-2022

IND vs NZ 1st ODI Live: न्यूजीलैंड का पहला विकेट गिरा

35 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड का पहला विकेट गिरा है। शार्दुल ठाकुर ने फिन एलेन को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। एलेन ने 25 गेंद में 22 रन बनाए। आठ ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 35 रन है।

11:27 AM, 25-NOV-2022

IND vs NZ 1st ODI Live: न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी शुरू

307 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। फिन एलेन और डेवोन कॉन्वे क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की है। चार ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर बिना किसी नुकसान के 22 रन हो चुका है।

10:44 AM, 25-NOV-2022

IND vs NZ 1st ODI Live: भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 307 रन का लक्ष्य रखा

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के सामने 307 रन का लक्ष्य रखा है। अंत के ओवरों में वाशिंगटन सुंदर ने तेजी से रन बनाकर भारत का स्कोर 300 के पार पहुंचाया। सबसे ज्यादा 80 रन श्रेयस अय्यर ने बनाए। शिखर धवन और शुभमन गिल ने भी अर्धशतकीय पारियां खेलीं।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने धीमी, लेकिन ठोस शुरुआत की। पहले विकेट के लिए कप्तान शिखर धवन और शुभमन गिल ने 124 रन की साझेदारी की। इसके बाद दोनों बल्लेबाज एक ही ओवर में आउट हो गए। यहां से न्यूजीलैंड को वापसी का मौका मिल गया। श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत ने 32 रन की साझेदारी कर भारत को मुश्किल से उबारा, लेकिन लॉकी फर्ग्यूसन ने एक ही ओवर में पंत और सूर्यकुमार को आउट कर कीवी टीम को मैच में वापस ला दिया। इसके बाद श्रेयस ने सैमसन के साथ 94 रन की साझेदारी कर भारत का स्कोर 250 रन के पार पहुंचाया। अंत में वाशिंगटन सुंदर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर भारत का स्कोर 300 रन के पार पहुंचा दिया।

भारत के लिए सबसे ज्यादा 80 रन श्रेयस अय्यर ने बनाए। शिखर धवन 72 और शुभमन गिल 50 रन बनाकर आउट हुए। संजू सैमसन ने 36 रन की पारी खेली। अंत में वाशिंगटन सुंदर ने 16 गेंद में 37 रन की तूफानी पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी और लॉकी फर्ग्यूसन ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, एडम मिल्ने को एक विकेट मिला। हालांकि, साउदी काफी महंगे साबित हुए उन्होंने 10 ओवर में 73 रन लुटा दिए।

10:38 AM, 25-NOV-2022

IND vs NZ 1st ODI Live: भारत का छठा विकेट गिरा

300 रन के स्कोर पर भारत का छठा विकेट गिरा है। श्रेयस अय्यर 76 गेंद में 80 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। साउदी की गेंद पर डेवोन कॉन्वे ने उनका कैच पकड़ा। अय्यर ने अपनी पारी में चार चौके और चार छक्के लगाए। अब वाशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर क्रीज पर हैं।

10:29 AM, 25-NOV-2022

IND vs NZ 1st ODI Live: भारत का स्कोर 275 के पार

पांच विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 275 रन के पार जा चुका है। श्रेयस अय्यर और वाशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं। सुंदर ने भी क्रीज पर आने के साथ ही दो बड़े छक्के लगाए हैं और भारत का स्कोर 300 के करीब ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। 48 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 281 रन है। इन दोनों के बीच 14 गेंद में 27 रन की साझेदारी हो चुकी है।

10:21 AM, 25-NOV-2022

IND vs NZ 1st ODI Live: भारत का पांचवां विकेट गिरा

254 रन के स्कोर पर भारत को पांचवां झटका लगा है। संजू सैमसन 38 गेंद में 36 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके लगाए। एडम मिल्ने की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स ने उनका कैच पकड़ा। अब श्रेयस अय्यर और वाशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं। 46 ओवर के बाद भारत का स्कोर पांच विकेट पर 255 रन है।

10:10 AM, 25-NOV-2022

IND vs NZ 1st ODI Live: भारत का स्कोर 250 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 250 रन के पार जा चुका है। श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों अंत के ओवरों में तेजी से रन बना रहे हैं और भारत को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। दोनों के बीच बेहतरीन साझेदारी हो चुकी है।

10:04 AM, 25-NOV-2022

IND vs NZ 1st ODI Live: श्रेयस अय्यर ने वनडे करियर का 13वां अर्धशतक लगाया

श्रेयस अय्यर ने 56 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। यह उनके वनडे करियर का 13वां अर्धशतक है। न्यूजीलैंड में अय्यर का प्रदर्शन शानदार रहा है। इस मैच में भी उन्होंने अपना शानदार रिकॉर्ड बरकरार रखा है। वह इस मैच में संजू सैमसन के साथ अर्धशतकीय साझेदारी कर चुके हैं। 43 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 226 रन है। अर्धशतक पूरा करने के बाद अय्यर तेजी से बल्लेबाजी कर रहे हैं।

09:53 AM, 25-NOV-2022

IND vs NZ 1st ODI Live: भारत का स्कोर 200 रन के पार

चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। 40 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 210 रन है। श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन के बीच बेहतरीन साझेदारी हो चुकी है। श्रेयस अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं।

09:23 AM, 25-NOV-2022

IND vs NZ 1st ODI Live: सूर्यकुमार चार रन बनाकर आउट

सूर्यकुमार यादव भी चार रन बनाकर आउट हो चुके हैं। टी20 में कमाल करने के बाद वनडे में वह कुछ खास नहीं कर पाए। पहली गेंद में चौका लगाने के बाद उन्होंने तीसरी गेंद में बैकफुट पंच खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले के किनारे पर लगकर सीधे स्लिप में खड़े फिन एलेन के पास पहुंच गई। सूर्या ने तीन गेंद में चार रन बनाए। लॉकी फर्ग्यूसन ने उनका विकेट लिया। फर्ग्यूसन ने एक ओवर में दो विकेट लेकर भारतीय टीम को बैकफुट में ढकेल दिया है। 34 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 165 रन है।

09:22 AM, 25-NOV-2022

IND vs NZ 1st ODI Live: ऋषभ पंत 15 रन बनाकर आउट

ऋषभ पंत एक बार फिर फेल हुए हैं। इस मैच में वह 23 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके लगाए और लोकी फर्ग्यूसन की छोटी गेंद को पुल करने के प्रयास में अपने स्टंप्स में खींच लाए। वह बोल्ड आउट हुए।

09:18 AM, 25-NOV-2022

IND vs NZ 1st ODI Live: भारत का स्कोर 150 रन के पार

भारत का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 150 रन के पार जा चुका है। श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज अपना समय लेकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और फिर से भारतीय पारी को संभालने की कोशिश कर रहे हैं।

08:46 AM, 25-NOV-2022

IND vs NZ 1st ODI Live: शिखर धवन अर्धशतक लगाकर आउट

शुभमन गिल के बाद शिखर धवन भी अर्धशतक लगाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने 77 गेंद में 72 रन बनाए। टिम साउदी की गेंद पर फिन एलेन ने उनका कैच पकड़ा। धवन ने अपनी पारी में 13 चौके लगाए। अब श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। 27 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 140 रन है।

08:39 AM, 25-NOV-2022

IND vs NZ 1st ODI Live: भारत का पहला विकेट गिरा

124 रन के स्कोर पर भारतीय टीम को पहला झटका लगा है। शुभमन गिल 65 गेंद में 50 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर डेवोन कॉन्वे ने उनका कैच पकड़ा। अर्धशतक लगाने के बाद गिल तेजी से रन बनाने के प्रयास में बाउंड्री लाइन पर कैच थमा बैठे। उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के और एक चौका लगाया। अब श्रेयस अय्यर और शिखर धवन क्रीज पर हैं।