Ind vs Sl: ईडेन गार्डेंस पर रोहित शर्मा के बल्ले से निकलीं 5 यादगार पारियां, गेंदबाज मांगने लगे थे पनाह

भारत और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला कोलकाता के ईडेन गार्डेंस पर खेला जाएगा। इस मैदान पर भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा का रिकॉर्ड दमदार है।

5 memorable innings that rohit sharma played at eden gardens india vs sri lanka
Ind vs Sl: ईडेन गार्डेंस पर रोहित शर्मा के बल्ले से निकलीं 5 यादगार पारियां, गेंदबाज मांगने लगे थे पनाह
भारत और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला गुरुवार को कोलकाता के ईडेन गार्डेंस पर खेला जाएगा। इस मैच को जीतकर टीम इंडिया सीरीज को अपने नाम करना चाहेगी। यह मैदान भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा के लिए काफी लकी रहा है। उन्होंने यहां टेस्ट डेब्यू किया था। इस मैदान पर उन्होंने पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। यहीं रोहित ने वनडे क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी खेली थी। इसके अलावा भी रोहित ने यहां यादगार पारियां खेली हैं। हम आपको 5 ऐसी ही पारी के बारे में बताते हैं।

177 रन बनाम वेस्टइंडीज (टेस्ट डेब्यू)

177-

रोहित शर्मा ने 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। वह मुकाबला ईडेन गार्डेंस पर ही खेला गया था। उस मैच में रोहित ने 177 रनों की पारी खेली थी। यह टेस्ट डेब्यू में किसी भी भारतीय बल्लेबाज की दूसरी सबसे बड़ी पारी है।

200 बनाम बंगाल (रणजी ट्रॉफी)

200-

नवंबर 2010 में ईडेन गार्डेंस पर रणजी ट्रॉफी के सुपर लीग में मुंबई और बंगाल की टक्कर हुई थी। 5वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे रोहित शर्मा ने मैच में नाबाद 200 रन बनाए थे। 257 गेंदों की अपनी पारी में रोहित ने 23 चौके और 3 छक्के लगाए थे।

109 बनाम केकेआर (आईपीएल)

109-

रोहित शर्मा ने आईपीएल में अपना एकमात्र शतक ईडेन गार्डेंस पर ही लगाया है। आईपीएल के 2012 सीजन में केकेआर के खिलाफ रोहित ने यहां 109 रन बनाए थे। इस पारी में 60 गेंदों पर रोहित के बल्ले से 12 चौके और 5 छक्के निकले थे।

264 रन बनाम श्रीलंका (वनडे)

264-

2014 में कोलकाता में भारत और श्रीलंका के बीच वनडे मैच खेला गया था। उस मैच में भारत के लिए सलामी बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा ने रिकॉर्ड 264 रन बनाए। यह वनडे क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी है। वह 250 का स्कोर पार करने वाले पहले और एकमात्र बल्लेबाज हैं। रोहित ने 173 गेंदों पर 33 चौकों और 9 छक्कों की मदद से 264 रन बनाए थे।

82 बनाम न्यूजीलैंड (टेस्ट)

82-

2016 में न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर थी। टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच कोलकाता में खेला गया था। दूसरी पारी में भारत को लगातार झटके लग रहे थे। इस बीच रोहित शर्मा ने 82 रनों की पारी खेली। 132 गेंदों पर उन्होंने 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से ये रन बनाए। भारत की दूसरी पारी का यह सबसे बड़ा स्कोर था। अंत में टीम इंडिया ने मैच को 178 रनों से अपने नाम किया।