Indore: पुरानी रंजिश के चलते दिवाली की रात दो परिवारों के बीच चली गोलियां, एक की मौत, आठ घायल

एमपी के इंदौर में दिवाली की रात पुरानी रंजिश में एक युवक की हत्या कर दी गई। एक ही कॉलेनी में रहने वाले दो परिवारों के बीच विवाद में गोलियां चल गईं और एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना में आठ लोग घायल भी हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

indore

इंदौरः पूरे देश में जब दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा था, मध्य प्रदेश के इंदौर में एक युवक की पुरानी रंजिश में हत्या कर दी गई। घटना में आठ लोग घायल भी हो गए। इस दौरान जमकर हंगामा भी हुआ। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय हॉस्पिटल भेजा है।
घटना इंदौर के पलासिया थाना क्षेत्र की है। दिवाली की रात को बड़ी ग्वालटोली में दो पक्षों में मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने पिस्टल निकाल ली। इस पूरे घटनाक्रम में दोनों पक्षों से आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए जबकि जगबीर सिंह चौधरी की मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने पर पलासिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल करने में जुट गई।

बताया जा रहा है कि दोनों परिवार एक ही कॉलोनी में रहते हैं और दिवाली की रात पुरानी रंजिश को लेकर एक-दूसरे के सामने आ गए। घटना के बाद क्षेत्र में जमकर हंगामा भी हुआ। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए एक पक्ष के कई लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

मृतक के परिजनों का कहना है कि उनका पहले भी विवाद हुआ था। तब उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की शिकायत की थी। इसके बाद भी दूसरा पक्ष उन्हें सबक सिखाने की धमकी दे रहा था। इसको लेकर भी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त सजा की मांग की थी। पुलिस ने इस पर ध्यान नहीं दिया और आरोपियों ने हत्या की घटना को अंजाम दे दिया। परिजनों का यह भी कहना है कि जिन लोगों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया, वे राजनीतिक पहुंच रखते हैं जिसके कारण पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है।