Who is Sai Sudarshan: गुजरात टाइटंस के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज साई सुदर्शन ने आईपीएल 2023 के सातवें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की है, जिसके चलते वह सुर्खियों में चल रहे हैं।

कौन हैं 21 साल के साई सुदर्शन?
साई सुदर्शन का जन्म 15 अक्टूबर 2001 में हुआ था। वह तमिलनाडु के रहने वाले हैं। साई के घर परिवार की शुरू से ही खेल में काफी रूचि थी। उनके पिता एक एथलीट थे। उन्होंने भारत को ढाका में हुए साउथ एशियन गेम्स में रिप्रेजेंट भी किया था। इसके अलावा उनकी मां स्टेट लेवल की वॉलीबॉल प्लेयर रह चुकी हैं। अब साई ने खुद दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जबरदस्त पारी खेल अपने परिवार का सिर गर्व से ऊंचा किया है। सुदर्शन ने 48 गेंदों में नाबाद 62 रन की पारी खेलीम जिसमें उनके बल्ले से चार चौके और दो छक्के भी देखने को मिले। उनको अपनी इस पारी के चलते मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से भी नवाजा गया।
2022 में गुजरात टाइटंस ने जोड़ा था अपने साथ
आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में साई सुदर्शन को गुजरात टाइटंस ने महज 20 लाख रुपये देकर अपने साथ जोड़ा था। उन्होंने अपना आईपीएल डेब्यू पिछले साल पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में 8 अप्रैल को किया था। सुदर्शन ने अब तक आईपीएल में 7 मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 45.8 की अच्छी औसत से 229 रन बनाए। वह अपने इस छोटे से आईपीएल करियर में 2 अर्धशतक भी जड़ चुके हैं।
इसके अलावा बात करें उनके डोमेस्टिक करियर की तो, साई ने साल 2021 में तमिलनाडु के लिए सय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में डेब्यू किया था। उसी साल 8 दिसंबर को उन्होंने तमिलनाडु के लिए खेलते हुए अपने लिस्ट ए करीयर का भी आगाज किया था यानी डेब्यू किया था।