IPL 2023: बीते दिनों गौतम गंभीर और विराट कोहली की मैदान पर जोरदार टक्कर हुई थी। अब रोहित शर्मा के साथ गंभीर अलग अंदाज में नजर आए हैं। दोनों के बीच खूब स्नेह देखा जा सकता है।

गुस्सैल स्वभाव के माने जाने वाले गौतम गंभीर का अब एक और रूप सामने आया है, जिसमें वह टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान और धाकड़ ओपनर रोहित शर्मा पर अपना प्यार बरसाते नजर आ रहे हैं। लखनऊ सुपरजायंट्स के ट्विटर हैंडल से यह वीडियो शेयर किया गया है। कैप्शन में लिखा है, ‘वेलकट टू लखनऊ रोहित’। यह मुलाकात लखनऊ के एकाना अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में हुई, जहां आज शाम LSG और मुंबई इंडियंस की टक्कर होनी है।
वीडियो में गौतम गंभीर और रोहित शर्मा के बीच बॉन्डिंग देखते ही बनती है। दोनों बड़ी आत्मीयता से मिल रहे हैं। एक-दूसरे के गले लग रहे हैं। दोनों के चेहरे पर बड़ी सी मुस्कुराहट है। 24 सेकंड के वीडियो में पीछे से बॉलीवुड का एक सॉफ्ट सॉन्ग भी चल रहा है। देखते ही देखते वीडियो पर हजारों लाइक्स और कमेंट्स आ चुके हैं। कई लोग इस बॉन्ड की तारीफ कर रहे हैं तो कुछ विराट कोहली को बीच में घसीट रहे हैं।
वैसे भी गौतम गंभीर को यारों का यार माना जाता है। 2007 और 2011 वर्ल्ड कप विनिंग टीम के मेंबर रहे गंभीर की बेहद कम लोगों से बनती है, लेकिन जिनसे भी बनती है उनसे पक्की दोस्ती निभाते हैं। महेंद्र सिंह धोनी के साथ उनके मतभेद जगजाहिर हैं, लेकिन युवराज सिंह, हरभजन सिंह, जहीर खान सरीखे पुराने टीममेट्स आज भी उनके जिगरी है। विराट कोहली दिल्ली के ही उनके जूनियर प्लेयर हैं तो रोहित शर्मा भी गौतम गंभीर को एक बड़े भाई की तरह मानते हैं। हालांकि रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच टकराव भी किसी से छिपा नहीं।