जम्मू कश्मीर: राष्ट्रपति आज वैष्णो दरबार में लगाएंगे हाजिरी

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार को माता वैष्णो देवी के दर्शन करने कटड़ा पहुंच रहे हैं। उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखकर प्रशासन ने व्यवस्था कड़ी कर दी है। शुक्रवार सुबह आठ बजे राष्ट्रपति जम्मू से कटड़ा के लिए रवाना होंगे। दर्शन करने के बाद वह हेलिकॉप्टर से वापस जम्मू जाएंगे।

वीरवार को राष्ट्रपति जम्मू पहुंचे। यहां उन्होंने आईआईएम में आयोजित दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया, और छात्रों को डिग्रियां बांटीं। रात को जम्मू में ही विश्राम करने के उपरांत राष्ट्रपति निजी हेलिकॉप्टर से शुक्रवार सुबह कटड़ा पहुंचेंगे।

उनका हेलिकॉप्टर पंछी हेलिपैड पर उतारा जाएगा। उसके बाद बैटरी कार में सवार होकर वह भवन की ओर प्रस्थान करेंगे। राष्ट्रपति के आगमन पर भवन मार्ग सहित पूरे कटड़ा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने अपनी तरफ से तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जब राष्ट्रपति माता के दर्शन करने भवन जाएंगे, उस दौरान कुछ समय के लिए यात्रा बंद रहेगी। आम यात्रियों को भवन में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। देश के सुख शांति की कामना कर जब राष्ट्रपति लौट जाएंगे, तब यात्रा फिर से शुरू हो जाएगी।