हवा को चीरता भाला गिरा 88.67 मीटर दूर… 45 सेकंड के वीडियो में देखिए बाहुबली नीरज चोपड़ा का गोल्डन थ्रो

भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने लगातार दूसरी बार डायमंड लीग खिताब अपने नाम किया। उन्होंने दोहा में 88.78 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड अपने नाम किया। जब उनके हाथ से भाला छूटा तो वह शात खड़े उसे देखते रहे, मानो उन्हें अपने गोल्डन थ्रो पर यकीन था।

नई दिल्ली: भारत के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर कमाल करते हुए अपने डायमंड लीग खिताब को डिफेंड किया। ओलिंपिक चैंपियन जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को करियर का चौथा बेस्ट थ्रो किया और 88.78 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड अपने नाम किया। 25 वर्षीय चोपड़ा ने पिछले सितंबर में स्विट्जरलैंड में 2022 डायमंड लीग फाइनल ट्रॉफी जीती थी। नीरज चोपड़ा ने जब गोल्डन थ्रो किया तो वह बेहद शांत थे। डिस्प्ले पर जब उनका नाम टॉप पर पहुंचा तब उनके चेहरे पर खुशी दिखने को मिली।
45 सेकंड के वीडियो में आप देख सकते हैं कि भारत के बाहुबली कहे जाने वाले चोपड़ा ने अपने पहले प्रयास में ही 88.67 मीटर का थ्रो किया, जिसे कोई भी पार नहीं कर सका। यह उनके करियर का चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रयास था। भारतीय सुपरस्टार ने 2018 में यहां पहली बार हिस्सा लिया था। उस समय 87.43 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ वह चौथे स्थान पर रहे थे। चेक रिपब्लिक के Jakub Vadlejch ने 88.63 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता। वह नीरज से सिर्फ 4 सेंटीमीटर पीछे रह गए। Jakub Vadlejch ने तोक्यो ओलिंपिक में रजत पदक जीता था।

उन्होंने पिछले साल दोहा डायमंड लीग में भी 90.88 मीटर थ्रो कर रजत पदक जीता था। ग्रेनाडा के मौजूदा विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स, जिन्होंने पिछले साल यहां 93.07 मीटर के मॉन्स्टर थ्रो के साथ इवेंट जीता था, 85.88 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। चोपड़ा ने जीत के बाद कहा- यह बहुत कठिन जीत थी, लेकिन मैं खुश हूं। यह मेरे लिए वास्तव में अच्छी शुरुआत है। मैं अगली प्रतियोगिताओं में पहले स्थान पर आने और इस सत्र के दौरान निरंतरता बनाए रखने की उम्मीद करता हूं।

उन्होंने आगे कहा- यह सभी एथलीटों के लिए चुनौतीपूर्ण था, लेकिन मैं अभी भी अपने परिणाम से संतुष्ट हूं। यह एक शानदार माहौल है। आज चुनौतीपूर्ण था। अगली बार मैं इससे बेहतर करूंगा। बहुत सारे लोग मेरा समर्थन करने आए और वे वास्तव में खुश हैं। कभी-कभी यह वास्तव में कठिन होता है क्योंकि हमारे पास एक बड़ा देश है और लोगों की उम्मीदें हैं, और अब मेरे देश के अधिक एथलीट डायमंड लीग और अन्य प्रतियोगिताओं में मुझसे जुड़ते हैं। चोपड़ा का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 89.94 मी है। डायमंड लीग मीटिंग में चोपड़ा की यह दूसरी जीत थी। वह पिछले साल लुसाने में डायमंड लीग मीटिंग जीतने वाले पहले भारतीय बने।