Jitesh Sharma Ind vs Sl: 29 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा को टीम इंडिया में एंट्री मिली है। लेकिन उनके लिए यहां तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा है। मुंबई इंडियंस से बाहर किये जाने के बाद उन्हें चार साल तक किसी टीम ने आईपीएल में मौका नहीं दिया।

दो साल बेंच पर बैठकर बाहर
जितेश शर्मा 2016 और 2017 सीजन में मुंबई इंडियंस के साथ थे। इस दौरान उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। टीम ने 2018 की नीलामी से पहले जितेश को रिलीज कर दिया। नीलामी में किसी टीम ने उन्हें खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई और जितेश अनसोल्ड रहे। इसके बाद 4 साल तक आईपीएल में उन्हें मौका नहीं मिला।
पंजाब किंग्स ने दिखाया भरोसा
2022 की नीलामी में पंजाब किंग्स ने जितेश शर्मा पर भरोसा दिखाया। टीम ने उन्हें बेस प्राइस 20 लाख रुपये में खरीदा। पहले दो मैच में बेंच पर बैठने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उन्हें डेब्यू का मौका मिला। पहले ही मैच में जितेश ने 17 गेंदों पर 3 छक्कों की मदद से 26 रन बनाए। उन्होंने ये छक्के मोइन अली, रविंद्र जडेजा और मुकेश चौधरी की गेंद पर मारे। अगले मैच में 11 गेंदों पर 23 रन और फिर मुंबई के खिलाफ 15 गेंदों पर 30 रनों की पारी खेली।
अब श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में चोटिल संजू सैमसन की जगह जितेश शर्मा को टीम इंडिया में जगह मिल गई है। मुंबई में हुए सीरीज के पहले मैच में संजू चोटिल हुए थे। पुणे और फिर राजकोट में होने वाले मैच में जितेश उनकी जगह टीम का हिस्सा होंगे।
क्लार्क के कोच ने पहचानी थी प्रतिभा
जितेश शर्मा की प्रतिभा को सबसे पहले माइनल क्लार्क के कोच नील डी कोस्ट ने पहचानी थी। जब जितेश 14 साल के थे तब विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन के लिए नील जिले-जिले घुमकर नए खिलाड़ी ढूंढ रहे थे। उस समय उन्होंने जितेश का चयन किया था।
29 साल के जितेश का जन्म महाराष्ट्र के अमरावती में हुआ था। फरवरी 2014 में उन्हें विदर्भ के लिए राजस्थान के खिलाफ पहला मैच खेलने का मौका मिला था। 2015 में उन्हें फर्स्ट क्लास डेब्यू किया। 2017 के बाद उन्हें फर्स्ट क्लास मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। लेकिन लिस्ट ए और टी20 में वह विदर्भ के प्रमुख बल्लेबाज हैं। 76 टी20 मैच में जितेश के नाम 148 की स्ट्राइक रेट से 1787 रन हैं। वहीं 43 लिस्ट ए पारियों में उन्होंने 1350 रन बनाए हैं।