‘केजरीवाल धर्म विरोधी’, दिल्ली में पटाखा बैन को लेकर गुजरात भाजपा ने साधा निशाना

गुजरात भाजपा प्रमुख सी आर पाटिल ने केजरीवाल को धार्मिक विरोधी करार दिया है। पाटिल ने कहा कि केजरीवाल नागरिकों को उनके त्योहार मनाने से रोक रहे हैं जो कि एक धार्मिक विरोधी कृत्य है।

अरविंद केजरीवाल(फाइल)
अरविंद केजरीवाल

गुजरात भाजपा प्रमुख सी आर पाटिल ने दिल्ली में पटाखों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने के फैसले पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। पाटिल ने केजरीवाल को धार्मिक विरोधी करार दिया है। पाटिल ने कहा कि केजरीवाल नागरिकों को उनके त्योहार मनाने से रोक रहे हैं जो कि एक धार्मिक विरोधी कृत्य है। बता दें कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने पिछले महीने दिवाली सहित 1 जनवरी, 2023 तक सभी प्रकार के पटाखों के उत्पादन, बिक्री और उपयोग पर फिर से पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था।

दिल्ली सरकार ने तय किया था जुर्माना
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने हाल ही में कहा था कि दिल्ली में दिवाली पर पटाखे फोड़ने पर छह महीने तक की जेल और 200 रुपये का जुर्माना लगेगा। राय ने कहा था कि राजधानी में पटाखों के उत्पादन, भंडारण और बिक्री पर 5,000 रुपये तक का जुर्माना और तीन साल की जेल की सजा होगी।

धर्म विरोधी लोगों की पहचान करें: सी आर पाटिल
इस साल के अंत में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले, आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने अपनी पार्टी के लिए समर्थन हासिल करने के लिए हाल के दिनों में कई बार राज्य का दौरा किया है। शनिवार को यहां  एक सभा को संबोधित करते हुए, गुजरात भाजपा प्रमुख पाटिल ने कहा कि आज मैंने कुछ समाचार पढ़ा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने दिल्ली में पटाखों पर प्रतिबंध लगा दिया है। वह गुजरात में आएंगे तो आप पटाखे कैसे फोड़ेंगे। पाटिल ने कहा कि इसलिए कृपया ऐसे धर्म-विरोधी लोगों और पटाखों के खिलाफ पहचान करें जो हमें हमारे त्योहारों को मनाने से रोकते हैं