King Cobra : सांपों को ही खा जाता है ये जहरीला किंग कोबरा, हाथी को भी डंस ले तो मौत तय है!

King Cobra Diet : किंग कोबरा को कुछ लोग नागराज भी कहते हैं। इसकी तस्वीर देखकर ही रूह कांप जाए। इसमें शरीर में जहर की खदान है। मुंह खोले तो मौत तय है। यह दुनिया में इकलौता सांप है जो घोसला बनाकर रहता है। एक बार में कोबरा इतना जहर उगलता है कि उससे 20 लोगों की जान जा सकती है।

नई दिल्ली: जैसे जंगल का राजा शेर होता है, उसी तरह सांपों में भी एक किंग होता है। जी हां, उसके नाम में ही किंग जुड़ा है। हो सकता है कुछ लोग जानते भी हों। हाल में IFS अधिकारी प्रवीण कासवान ने उसकी तस्वीर शेयर कर पूछा था कि चलिए बताइए यह किस प्रजाति का सांप है? लोग जवाब देने लगे और बाद में अधिकारी ने खुद बताया कि तराई में फन निकाले तस्वीर में दिखाई देने वाला काले रंग का सांप कौन सा है? इसे किंग कोबरा (Ophiophagus hannah) कहते हैं। ओफियोफेगस हन्नाह इसका वैज्ञानिक नाम है। दिलचस्प बात इसके नाम में ही छिपी है। ओफियोफेगस ग्रीक शब्द है जिसका मतलब होता है- सांप खाने वाला। बिल्कुल सही पढ़ा आपने, किंग कोबरा दूसरे बड़े सांपों को ही खा डालता है। इसका 100 प्रतिशत आहार बिग स्नेक हैं। कोबरा को किंग इसलिए कहा जाता है क्योंकि यह जहर की खदान होने के साथ ही कोबरा को भी मारकर खा जाता है।

प्रवीण कासवान ने एक तस्वीर भी शेयर की, जो उन्होंने खुद ली थी। इस तस्वीर में किंग एक सांप को खाता दिख रहा है। किंग कोबरा को यूं ही किंग नहीं कहते। इनमें भारी मात्रा में जहर होता है। दुनिया में यह इकलौती सांपों की प्रजाति है जो घोसला बनाते हैं। इन्हें इंसानों की मौजूदगी पसंद नहीं होती है। इनका पसंदीदा आहार रैट स्नेक होता है।
सोशल मीडिया पर किंग कोबरा की काफी चर्चा हो रही है। ऐसे में लोग गूगल पर सर्च करके जानना भी चाहते हैं कि किंग कोबरा कैसा होता है। ‘Jungle News’ की इस स्टोरी में आगे पढ़िए सांपों के किंग की 10 दिलचस्प बातें।

1. किंग कोबरा 6 मीटर तक लंबा हो सकता है। इसमें इतना जहर होता है कि अगर ये हाथी को भी डंस ले तो उसका बचना नामुमकिन है।
2. यह 20 साल तक जीवित रह सकता है। किंग कोबरा घोसला बनाकर रहते हैं। मादा कोबरा अपने अंडों को इसी में रखती हैं।
3. इन्हें इंसानों की मौजूदगी पसंद नहीं होती है। शायद यही वजह है कि इंसान इन्हें कम ही देख पाते हैं।
4. एक दिलचस्प बात यह भी बताई जाती है कि जरूरी नहीं कोबरा काटने के बाद इंसान के शरीर में जहर छोड़े ही। ऐसा भी हो सकता है कि वह बिना जहर के काट ले।
5. किंग कोबरा को भारत में पवित्र सांप मानकर पूजा भी जाता है।
6. ये सांप भारत के अलावा, चीन और एशिया के कई देशों में पाए जाते हैं।
7. किंग कोबरा भारत में वन्य जीव संरक्षण के तहत संरक्षित प्राणियों में से है। इसे शांतिप्रिय या आक्रमण न करने वाला सांप माना जाता है। यही वजह है कि इनके काटने की घटनाएं कम आती हैं।
8. दिलचस्प बात यह है कि किंग कोबरा सांप अपने फन को जमीन से डेढ़ मीटर की ऊंचाई तक खड़ा कर सकते हैं, जिससे इसका आकार बेहद डरावना दिखता है। ऊपर की तस्वीर भी कुछ वैसी ही है।
9. ये पानी में भी तैर सकते हैं इसलिए किंग कोबरा तालाब या झील के आसपास दिख जाते हैं।
10. ये इतने खतरनाक होते हैं कि 3 मीटर दूरी तक जहर उगल सकते हैं। इनके जहर की एक बूंद से आंखों की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती है। इनके काटने से 30 मिनट से भी कम समय में इंसान की मृत्यु हो सकती है। ये फुफकारते हैं तो अलग तरह की आवाज होती है।

ऐसे में समझदारी इसी में है कि किंग कोबरा दिखे तो भाग लें। सांपों का यह किंग जहर की फैक्ट्री है।