हिमाचल के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष रहेगा कुल्लू दशहरा उत्सव, पढ़ें क्या खास…

शिमला, 16 सितंबर : अंतर्राष्ट्रीय लोकनृत्य उत्सव कुल्लू दशहरा-2022 के आयोजन से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर चर्चा के लिए राज्य स्तरीय कुल्लू दशहरा समिति की बैठक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय लोकनृत्य उत्सव कुल्लू दशहरा 5 से 11 अक्टूबर, 2022 तक आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले व त्योहार हमारी समृद्ध लोक संस्कृति के द्योतक हैं। इनका संरक्षण एवं संवर्द्धन सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार कृतसंकल्प है। इस दिशा में समय-समय पर विभिन्न कदम उठाए गए हैं। कुल्लू दशहरा प्रदेश ही नहीं बल्कि विश्व में अपनी एक अलग पहचान है। यह हमारी धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कुल्लू दशहरा इसलिए विशिष्ट है कि देश के अन्य भागों में जब दशहरे उत्सव का समापन होता है, तब कुल्लू का सात दिवसीय ऐतिहासिक दशहरा उत्सव शुरू होता है।