कुरुक्षेत्र की महिला से मनाली में की थी हैवानियत, पुलिस ने हरियाणा से दबोचा आरोपी

कुल्लू (संजीव जैन): मनाली पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार कुरुक्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने कुरुक्षेत्र पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई थी कि रोहतक का रहने वाला एक युवक उसे बहला-फुसला कर मनाली ले गया था, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया।

मामला मनाली पुलिस थाना के क्षेत्राधिकार में होने के कारण कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा जीरो एफआईआर पुलिस थाना मनाली भेजी गई। मनाली पुलिस ने तुरन्त इस सन्दर्भ में अभियोग दर्ज किया और छानबीन शुरू की।

आरोपी युवक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस अधिक्षक गुरदेव शर्मा के निर्देश पर पुलिस थाना मनाली और साइबर सैल कुल्लू की एक संयुक्त टीम गठित कर हरियाणा भेजी गई। उक्त टीम ने आरोपी को सफीदों जिला जींद से गिरफ्तार करने के बाद मनाली पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करके रिमांड पर ले लिया है। मामले की पुष्टि कुल्लू एसपी गुरदेव शर्मा ने की है।